तीन और उपमुख्यमंत्री बनाने का मुद्दा: शिवकुमार ने कहा- मुझे पद मेरे पिछले ‘ट्रैक रिकार्ड’ के आधार पर दिया गया

बेंगलुरु. कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में तीन और उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने संबंधी अपने कैबिनेट सहयोगी के एन राजन्ना के विचार पर प्रतिक्रिया देते हुए शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें यह पद उनके पिछले ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ के आधार पर दिया है.

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवकुमार इस मुद्दे पर कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं देना चाहते थे. उन्होंने कहा, ”मैं इस पर प्रतिक्रिया नहीं देना चाहता. मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और पार्टी आलाकमान को ”ऐसी इच्छाओं” की अभिव्यक्ति पर जवाब देना है. राजन्ना के बयानों को लेकर उनकी प्रतिक्रिया मांगे जाने पर शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ”हमारी पार्टी का एक आलाकमान है, मुख्यमंत्री ने मुझे उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया है, उनका कुछ मार्गदर्शन है. कई लोगों की इच्छा होगी… हर किसी की इच्छा होगी. इसका जवाब देने के लिए लोग हैं.”

उन्होंने कहा, ”आपने मेरा राजनीतिक ट्रैक रिकॉर्ड देखा है – आज से नहीं, 1985 से. मेरे संघर्ष के कारण ही पार्टी ने मुझे इस पद पर बैठाया है.” सहकारिता मंत्री राजन्ना ने पहली बार 16 सितंबर को यह विचार रखा था और बुधवार को इसे दोहराते हुए कहा कि वीरशैव-लिंगायत, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों से उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति से 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी की संभावनाओं को बढ.ावा मिलेगा.

उन्होंने इन अटकलों को खारिज किया कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उनसे ऐसा विचार रखने के लिए कहा था. गत मई में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन के समय, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने यह निर्णय किया था कि शिवकुमार “एकमात्र” उप मुख्यमंत्री होंगे – ताकि उनके और सिद्धरमैया के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उन्हें संतुष्ट किया जा सके. हाल ही में तीन और उप मुख्यमंत्री की नियुक्ति के लिए कैबिनेट के भीतर से आवाज उठने के बीच, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा था कि आलाकमान अंतत? इस पर फैसला करेगा और वह उसका अनुपालन करेंगे.

Related Articles

Back to top button