55 से अधिक बार चाकू से वार, आरोपी को कोई पछतावा नहीं, पकड़े जाने के समय खा रहा था खाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 10:12 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पूर्वी दिल्ली के वेलकम क्षेत्र में 17 वर्षीय एक किशोर पर 55 से अधिक बार चाकू से वार करने वाला लड़का जब पकड़ा गया तो उस समय वह लूटे गए पैसों से आराम से रात का खाना खा रहा था. पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्वी) जॉय तिर्की ने शुक्रवार को कहा, “पूछताछ के दौरान घटना के बारे उसे कोई पछतावा नहीं था. जब हमारी टीम ने उसे पकड़ा तो वह रात का खाना खा रहा था.” जांच से जुड़े एक अन्य अधिकारी ने कहा कि हत्या की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की थीं.

अधिकारी ने कहा, “हमने अपने स्थानीय स्रोतों और उस क्षेत्र से जानकारी एकत्र की जहां अपराध हुआ था. कुछ स्थानीय लोगों ने उसकी पहचान की. जब हमने उसे गिरफ्तार किया, तो वह अपराध स्थल से ज्यादा दूर नहीं था और लूटे गए 350 रुपये से खाना खा रहा था.” तिर्की ने कहा कि पुलिस ने किशोर न्याय बोर्ड और मजिस्ट्रेट को आरोपी के आपराधिक इतिहास को स्थापित करने के बाद उस पर वयस्क के रूप में मुकदमा चलाने के लिए लिखा है.

पुलिस ने कहा कि 16 वर्षीय किशोर से दो अन्य हत्याओं, झपटमारी की दो घटनाओं और लूटपाट के एक मामले में पूछताछ की जा रही है. मंगलवार की रात, सीसीटीवी में एक लड़का दूसरे किशोर का गला दबाते और फिर उसे जमीन पर गिराकर 55 से अधिक बार चाकू मारते हुए दिखा. हमले के शिकार किशोर की मौके पर ही मौत हो गई. हत्यारा कैमरे के सामने नाचता और मारे गए किशोर के शव को घसीटता दिखा.

वेलकम की जनता मजदूर कॉलोनी में हुई हत्या की घटना की 2.23 मिनट की फुटेज है जिसमें हत्यारे को उन लोगों को धमकी देते हुए भी देखा गया जिन्होंने अपराध को देखने की हिम्मत की. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कबूल किया कि वह उस 17 वर्षीय किशोर को नहीं जानता था, जिससे उसने बिरयानी खरीदने के लिए पैसे मांगे थे. मारे गए किशोर के परिजनों ने नाबालिग आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu