कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री शर्मा

जयपुर. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस को राज्य का सबसे महत्वपूर्ण तंत्र बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था का राज कायम करने के लिए प्रतिबद्व है. वह यहां पुलिस अधिकारियों के दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि राज्य की आठ करोड़ जनता का पुलिस पर विश्वास है तथा यह महकमा इसी विश्वास को कायम रखते हुए राज्य में अपराध को नियंत्रित कर रहा है जिससे राजस्थान के शांति प्रिय राज्य के दर्जे को दोबारा कायम किया जा सके.

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने शुरू से ही कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है तथा आगे भी आमजन की अपेक्षा के अनुरूप पुलिस तंत्र को और मजबूत बनाया जाएगा, जिससे कानून-व्यवस्था सुदृढ़ तथा मजबूत बन सके. आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार बनने ने अगले दिन ही ‘एंटी गैंगस्टर टॉस्क फोर्स’ तथा पेपरलीक प्रकरणों को रोकने के लिए एसआईटी का गठन जैसे निर्णय लेना दर्शाता है कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था का इकबाल बुलन्द करने के लिए प्रतिबद्व है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अपराध का स्वरुप बदल गया है, साइबर क्राइम से लेकर संगठित अपराध जैसी चुनौतियों का सामना करते हुए पुलिस को अधिक सशक्त बनकर काम करना होगा.

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा प्रदेश में ऑपरेशन ‘एंटीवायरस’ के तहत साइबर क्राइम को रोकने के लिए अच्छा काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं में नशे की प्रवृति पर रोकथाम अति आवश्यक है. साथ ही भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टोलरेंस’ की नीति अपनाते हुए पुलिस निष्पक्ष एवं ईमानदारी से काम करे. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस राज्य का सबसे महत्वपूर्ण तंत्र होता है तथा कोई भी राज्य बिना दंड व्यवस्था के नहीं चल सकता लेकिन दंड की परिभाषा सुनिश्चित करनी पड़ेगी.

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध को कम करने एवं महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस विभाग को किसी भी तरह के साधन-संसाधन में कमी नहीं होने दी जायेगी. साथ ही, पुलिस महकमे में महिला संख्या बल को बढ़ाया जायेगा तथा पुलिस भर्ती की जायेगी.

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस सदैव तत्पर रहती है, राज्य को ‘अपराध मुक्त राजस्थान’ बनाने के लिए पुलिस निरंतर काम कर रही है. पुलिस महानिदेशक यू.आर. साहू ने बताया कि इस सम्मेलन में ‘पुलिसिंग विद एक्सीलेंस- द वे फॉरवर्ड’ थीम पर दर्जनभर सत्र आयोजित किए जाएंगे और बेहतर पुलिसिंग का रोडमैप तैयार होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button