सुकमा: नक्सलियों के दो सहयोगी गिरफ्तार, विस्फोटक बरामद

सुकमा. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विस्फोटक और अन्य सामान बरामद किया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने बुधवार को नक्सलियों के दो सहयोगियों मंतोष मंडल (28) और एस. नार्गाजुन (30) को गिरफ्तार किया.

उन्होंने बताया कि सुकमा में जारी नक्सल विरोधी अभियान के अंतर्गत नक्सलियों के आपूर्ति नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जानकारी एकत्र की जा रही है. इस दौरान नक्सलियों के पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन के शहरी आपूर्ति नेटवर्क की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबल के जवानों को बुधवार को पटनमपारा की ओर रवाना किया गया था. अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक मकान की घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया.

उन्होंने बताया कि नक्सलियों के सहयोगियों के कब्जे से दो किलोग्राम यूरिया पाउडर, दो डिब्बा पोटेशियम नाइट्रेट, तीन डिब्बा विस्फोट पाउडर, एक टिफिन बम, दो डेटोनेटर, लैपटॉप और अन्य सामान बरामद किया गया. अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को जानकारी दी कि वे 2020 से पीएलजीए को बारूद, विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी और राशन सामग्री की आपूर्ति में शामिल हैं. पीएलजीए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सशस्त्र शाखा है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button