स्विस महिला हत्याकांड के आरोपी ने अन्य विदेशी महिलाओं को भी रत्नों से लुभाने की कोशिश की: पुलिस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 09:40 PM
स्विस महिला हत्याकांड के आरोपी ने अन्य विदेशी महिलाओं को भी रत्नों से लुभाने की कोशिश की: पुलिस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. एक स्विस महिला की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार दिल्ली के 33 वर्षीय एक व्यक्ति ने अन्य विदेशी महिलाओं को भी दोस्ती करने के लिए कीमती रत्न देने का वादा किया था और ज्योतिष के गुर भी बताए थे. पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

दिल्ली के जनकपुरी के निवासी गुरप्रीत सिंह ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह नीना बर्जर के अलावा भी कई विदेशी महिलाओं के संपर्क में था. बर्जर का शव 20 अक्टूबर को एमसीडी संचालित स्कूल के पास पाया गया था और उसके हाथ पैर एक जंजीर से बंधे थे.
सिंह के पिता का पश्चिमी दिल्ली में रत्न और ज्योतिष का व्यवसाय है. माना जा रहा है कि वह (पिता) फिलहाल पेरिस में हैं.

पुलिस को संदेह है कि गुरप्रीत सिंह ने अपने पिता से ज्योतिष सीखा और इसका इस्तेमाल विदेशी महिलाओं को लुभाने के लिए किया. पुलिस को यह भी संदेह है कि सिंह ने बर्जर से दोस्ती करने और उसे भारत आने का लालच देने के लिए भी यही चाल अपनाई.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह (बर्जर) 11 अक्टूबर को भारत आई और पश्चिमी दिल्ली के दो अलग-अलग होटलों में रुकी. अधिकारी ने बताया, ”पहले होटल में वह 16 अक्टूबर तक रुकी. फिर वह दूसरे होटल में चली गई. हमारा मानना है कि दूसरे होटल में वह 18 अक्टूबर तक रुकी थी, जिस दिन गुरप्रीत ने उसकी हत्या की थी. बर्जर का सड़ा-गला शव 20 अक्टूबर को तिलक नगर में एक स्कूल के पास से बरामद किया गया था.”

उन्होंने कहा कि सिंह के दो मोबाइल फोन से उसकी अन्य विदेशी महिलाओं के साथ चैट हासिल की गई हैं, लेकिन उसने बर्जर के साथ अपनी चैट हटा दी है. पुलिस ने कहा कि उसने कई बार स्विट्जरलैंड सहित विभिन्न देशों का दौरा किया है. अधिकारी ने बताया, ”उसके मोबाइल फोन से कुछ चैट मिली हैं, जहां उसने कई महिलाओं से रत्न और ज्योतिष के बारे में बात की है. ऐसा संदेह है कि वह उन्हें कीमती पत्थरों की पेशकश करके या ज्योतिष युक्तियों का उपयोग करके दोस्ती के लिए लालच देता रहा है.”

पुलिस ने कहा कि उन्होंने बर्जर का आईफोन भी बरामद कर लिया है, लेकिन उसे अनलॉक नहीं किया जा सका है. वे साइबर विशेषज्ञों की मदद ले रहे हैं. सिंह के परिवार के पास दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में कई संपत्तियां हैं. उसके घर से बरामद भारी नकदी के स्रोत के बारे में जांच अभी की जानी है.

पुलिस स्विट्जरलैंड के दूतावास के माध्यम से ज्यूरिख में बर्जर के परिवार तक पहुंचने में कामयाब रही है, लेकिन परिजनों ने भारत आने से इनकार कर दिया है. उसका शव पश्चिमी दिल्ली के एक अस्पताल के शवगृह में रखा गया है. पुलिस चाहती थी कि बर्जर के परिजन उसकी पहचान के लिए भारत आएं, ताकि पोस्टमॉर्टम जांच की प्रक्रिया शुरू की जा सके. बहरहाल, अब पुलिस स्विस दूतावास से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) का इंतजार कर रही है.

चूंकि शव की पहचान जांच में अहम हिस्सा है, इसलिए पुलिस डीएनए और बायोमेट्रिक प्रक्रिया की मदद लेने की योजना बना रही है.
जिस होटल में बर्जर रुकी थी, वहां से पुलिस ने एक ट्रॉली बैग बरामद किया है, जिसमें सामान रखा हुआ है, जिसे बर्जर का ट्रॉली बैग माना जा रहा है. एक अधिकारी ने बताया कि शव का डीएनए मिलान बरामद वस्तुओं से किया जा सकता है. बर्जर स्विट्जरलैंड में एक लॉ फर्म में काम करती थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu