तमिल अभिनेता-निर्देशक मनोबाला का निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 May 2023 07:56 PM
तमिल अभिनेता-निर्देशक मनोबाला का निधन
ऑडियो सुनें

चेन्नई. पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे जाने-माने तमिल अभिनेता और निर्देशक मनोबाला का बुधवार को निधन हो गया. सिनेमा जगत के सूत्रों ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, अनाद्रमुक के महासचिव के. पलानीस्वामी और सिनेमा जगत के सुपरस्टार रजनीकांत और कमल हासन सहित अन्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया.

मनोबाला (69) ने अपने चार दशक के सिनेमा करियर में महान फिल्म निर्माता भारतीराजा के साथ काम करने के बाद एक निर्देशक के रूप में शुरुआत की और रजनीकांत, विजयकांत और सत्यराज सहित जाने-माने अभिनेताओं के साथ फिल्में बनाईं. मुख्यमंत्री स्टालिन ने एक बयान में मनोबाला की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने अपनी हास्य और चरित्र भूमिकाओं से जनता का मनोरंजन किया .

स्टालिन ने मनोबाला से हाल ही में हुई मुलाकात को याद करते हुए कहा, ‘‘उनका निधन तमिल सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है.’’ अन्नाद्रमुक प्रमुख और राज्य के नेता प्रतिपक्ष पलानीस्वामी ने याद किया कि मनोबाला पार्टी में एक ‘‘स्टार वक्ता’’ थे और अपनी नीतियों को हास्य के साथ सरल भाषा में लोगों तक ले जाते थे.

उन्होंने कहा, ‘‘उनका निधन पार्टी और सिनेमा जगत के लिए एक बड़ी क्षति है.’’ रजनीकांत ने एक ट्वीट में अपने ‘प्रिय मित्र’ की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. फिल्म निर्माता डॉ धनंजयन ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना. उनकी आत्मा को शांति मिले.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu