तमिलनाडु: मछुआरन से सामूहिक बलात्कार, हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 May 2022 05:49 PM
तमिलनाडु: मछुआरन से सामूहिक बलात्कार, हत्या
ऑडियो सुनें

रामेश्वरम. तमिलनाडु के रामेश्वरम के निकट वडाकाडू गांव में ओडिशा के छह श्रमिकों ने 45 साल की एक मछुआरन से कथित रूप से सामूहिक बलात्कार किया और फिर उसके बाद उसकी हत्या कर दी . पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी. पीड़िता के परिजनों ने इस घटना के बाद जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और ग्रामीणों ने रामेश्वरम राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोड रोको प्रदर्शन किया . इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की.

पुलिस ने कहा कि मंगलवार की सुबह समुद्री शैवाल (कादरपासी) लेने गयी पीड़िता जब घर नहीं लौटी तो उसके परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कहा कि इस बीच, महिला का शव आज सुबह यहां एक झींगा फार्म से बरामद किया गया . उन्होंने बताया कि शव आंशिक रूप से जला हुआ है. उन्होंने बताया कि महिला के परिजन और पड़ोसी को यह शव मिला है जो उसकी तलाश कर रहे थे .

इस बीच मामले में छह मजदूरों की संलिप्तता की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी और बाद में उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरना शुरू किया. पुलिस ने बताया कि कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म और हत्या में शामिल सभी छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटनास्थल पर पहुंच कर प्रारंभिक जांच करने वाले रामनाथपुरम के पुलिस अधीक्षक ई कार्तिक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu