किशोरी के साथ सुरक्षा गार्ड ने किया बलात्कार, 15 हफ्ते की गर्भवती

नोएडा (उप्र). नोएडा में फेस-3 थानाक्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी के साथ सुरक्षा गार्ड ने कथित रूप से बलात्कार किया। युवती चोरी के एक मामले में गिरफ्तार की गई थी और जब उसका गाजियाबाद के राजकीय संप्रेक्षण गृह में मेडिकल परीक्षण कराया गया तब यह बात सामने आयी।

थानाध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि एक महिला ने सेक्टर 126 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी 14 वर्षीय बेटी जे पी विश टाउन में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी जहां नीरज नामक एक सुरक्षा गार्ड ने उसकी बेटी के साथ जबरन बलात्कार किया और इस बीच वह गर्भवती हो गई।

जैन ने बताया कि दरअसल जे पी विश टाउन के विवेक पावत ने इस महिला तथा उसकी बेटी के खिलाफ घर से सामान चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसपर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष के मुताबिक जब गाजियाबाद स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में किशोरी का मेडिकल परीक्षण किया गया तब पता चला कि वह करीब 15 हफ्ते की गर्भवती है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की उम्र 14 वर्ष है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपी नीरज की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button