दस किलो मुफ्त राशन से करोड़ों परिवार गरीबी से बाहर निकलेंगे, अर्थव्यवस्था को गति देंगे : राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 17 May 2024 08:22 PM
दस किलो मुफ्त राशन से करोड़ों परिवार गरीबी से बाहर निकलेंगे, अर्थव्यवस्था को गति देंगे : राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी द्वारा 10 किलोग्राम मुफ्त राशन का जो वादा किया गया है उससे करोड़ों परिवार गरीबी से बाहर निकलेंगे और अर्थव्यवस्था को गति देंगे. लखनऊ में बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घोषणा की थी कि अगर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) की सरकार सत्ता में आती है तो भाजपा सरकार की ओर से गरीबों को दिए जा रहे मुफ्त राशन की मात्रा दोगुनी कर दी जाएगी.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”देश के गरीब परिवारों के लिए कांग्रेस ने एक और बड़ा फैसला लिया है – हमारी सरकार आपको 5 नहीं 10 किलो राशन हर महीने मुफ्त देगी. संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के दौरान हमने खाद्य सुरक्षा कानून के ज.रिये भोजन के अधिकार को कानूनी दर्जा दिया था, 10 किलो अनाज इसी कड़ी में अगला कदम होगा.” उन्होंने कहा, ”10 किलो राशन और 8500 रूपये महीने से शिक्षा और स्वरोजग़ार को बढ़ावा मिलेगा और करोड़ों परिवार गरीबी से बाहर निकल कर देश की अर्थव्यवस्था को गति देंगे.” राहुल गांधी ने दावा किया, ”नरेन्द्र मोदी ने 20-25 अरबपति बनाए और ‘अडाणियों’ की सरकार चलाई, हम करोड़ों लखपति बनाएंगे और ‘हिंदुस्तानियों’ की सरकार चलाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu