जहां से करियर शुरू, वहीं खत्म किया टेनिस स्टार सानिया ने

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 05 Mar 2023 06:18 PM
जहां से करियर शुरू, वहीं खत्म किया टेनिस स्टार सानिया ने
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भारत की महान टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने ‘खुशी के आंसुओं’ के साथ रविवार को एक खिलाड़ी के तौर पर अपनी शानदार यात्रा का समापन उसी स्थान से किया, जहां से उन्होंने इसकी शुरूआत की थी. सानिया ने लाल बहादुर टेनिस स्टेडियम में प्रदर्शनी मैचों में खेलकर अपने पथ-प्रदर्शक सफर को आखिरकार अलविदा कह दिया जहां उन्होंने करीब दो दशक पहले ऐतिहासिक डब्ल्यूटीए एकल खिताब के साथ बड़े मंच पर अपने आगमन के संकेत दे दिय थे. इन प्रदर्शनी मैचों में रोहन बोपन्ना, युवराज ंिसह और उनकी सबसे अच्छी मित्र बेथानी माटेक सैंड्स, इवान डोडिग, कारा ब्लैक और मारियन बार्टोली शामिल थे.

प्रदर्शनी मैचों को देखने के लिए पहुंचने वालों में केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन, युवराज ंिसह, रोबिन उथप्पा, अनन्या बिरला, हुमा कुरैशी, डुलकर सलमान, उनके प्रशंसक, परिवार, दोस्त, खेल हस्तियां और सानिया मिर्जा टेनिस अकादमी के छात्र शामिल थे. छत्तीस वर्षीय सानिया लाल रंग की कार में स्टेडियम पहुंची और कई नामी गिरामी हस्तियों सहित दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया.

सानिया अपने विदाई भाषण में भावुक हो गयी, उन्होंने कहा कि उनके लिये सबसे बड़ा सम्मान देश के लिये 20 साल तक खेलना रहा है. छह बार (तीन महिला युगल में और तीन मिश्रित युगल में) की ग्रैंडस्लैम विजेता ने दो मिश्रित युगल प्रदर्शनी मैच खेले और दोनों जीते. सानिया ने यहां इस स्थल पर कई यादगार खिताब जीते हैं जिसे किसी उत्सव की तरह सजाया गया जिस पर ‘सेलीब्रेंिटग द लीगेसी आॅफ सानिया मिर्जा’ जैसे बैनर लगे थे.

कुछ प्रशंसकों ने ‘प्लेकार्ड’ पकड़े हुए थे जिस पर लिखा था, ‘थैंक यू फॉर द मैमोरिज’ और ‘वी विल मिस यू, सानिया’ लिखा था.
दर्शकों में ज्यादातर स्कूल के बच्चे थे और जैसे ही सानिया ने कोर्ट में कदम रखा, वे ‘चीयर’ करने लगे. मैच से पहले सानिया ने कहा, ‘‘मैं आप सभी के सामने अपना अंतिम मैच खेलने के लिए काफी उत्साहित हूं. मैं हमेशा अपना अंतिम मैच हैदराबाद में अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलना चाहती थी और मैं तेलंगाना सरकार की शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने यह करवाया. ’’ पूर्व खेल मंत्री रीजीजू, तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव, अजहरूद्दीन और युवराज स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में शामिल थे.

रीजीजू ने कहा, ‘‘मैं सानिया मिर्जा के विदाई मैच के लिये ही हैदराबाद आया हूं. मैं यहां इतने सारे लोगों को देखकर खुश हूं. सानिया मिर्जा सिर्फ भारतीय टेनिस के लिये ही नहीं बल्कि भारतीय खेलों के लिये भी प्रेरणास्रोत हैं. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं खेल मंत्री था तो मैं उनके संपर्क में रहता था. मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनायें देता हूं. ’’ सानिया के परिवार के सदस्य और दोस्त भी स्टेडियम में मौजूद थे. मैच के बाद रामा राव और तेलंगाना के खेल मंत्री वी श्रीनिवास गौड़ ने सानिया को सम्मानित किया.

सानिया ने उनकी यात्रा में उनका समर्थन करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, ‘‘मेरे लिये सबसे बड़ा सम्मान 20 साल तक अपने देश के लिये खेलना रहा है. शीर्ष स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है. मैं ऐसा करने में सफल रही. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं हर किसी का शुक्रिया करना चाहूंगी जो यहां आये. मैं इससे बेहतर विदाई की उम्मीद नहीं कर सकती थी. ’’

दर्शकों की हौसला अफजाई को देखकर सानिया भावुक हो गयीं. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने नहीं सोचा था कि मैं आज भावुक हो जाऊंगी. लेकिन ये खुशी के आंसू हैं. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खेलते हुए 20 साल से ज्यादा हो चुके हैं. मेरी ंिजदगी में काफी चीजें यहां इस स्टेडियम से शुरू हुईं. लंबा सफर रहा. मैंने ऐसे समय में शुरूआत की थी तब किसी ने भी नहीं सोचा था कि टेनिस एक विकल्प था. भले ही वो लड़का हो या लड़कीं, विशेषकर हैदराबाद की एक लड़की के लिए. मेरे माता-पिता को ही मुझ पर भरोसा था, मेरी बहन और मेरे परिवार को. ’’

सानिया ने कहा, ‘‘ऐसे भी लोग थे जिन्होंने कहा था कि हम नहीं कर सकते थे, हम ‘क्रेजी’ थे. 30 साल पहले उन्हें यह कहने के लिये मैं उन्हें दोषी नहीं मानती हूं, किसी ने भी नहीं सोचा था कि हम तरह से लोगों से भरे स्टेडियम में खड़े होंगे. ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज जो कुछ भी हूं, मेरे माता पिता ने मुझे यह बनाया है और मेरी बहन ने मुझे यह बनाया है, मैं जो भी हूं. ’’ सानिया ने कहा कि भले ही उन्होंने खेल को अलविदा कह दिया हो लेकिन वह भारत और तेलंगाना में टेनिस और खेलों का हिस्सा बनी रहेंगी. उन्होंने साथ ही उम्मीद जतायी कि देश से ‘कई, कई सानिया’ निकलेंगी.

अजहरूद्दीन ने सानिया के टेनिस में योगदान की प्रशंसा की. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आज हम सानिया को शानदार विदाई दे रहे हैं. उन्होंने भारत में महिलाओं के लिये टेनिस में और दुनिया भर में जो किया है, मुझे लगता है कि यह शानदार उदाहरण है. मैं उन्हें शुभकामनायें देता हूं. ’’ अजरूहरूद्दीन के बेटे की शादी सानिया की छोटी बहन से हुई है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि लोग उन्हें और खेलते हुए देखना चाहते थे. लेकिन हर करियर का अंत होता है. मुझे लगता है कि उन्होंने सही फैसला किया है. ’’ कई प्रशंसकों ने कहा कि वे सानिया के पेशेवर टेनिस से अलविदा कहने से काफी दुखी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu