श्रीनगर में क्रिकेट खेल रहे पुलिस निरीक्षक को आतंकवादी ने गोली मारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 10:14 PM
श्रीनगर में क्रिकेट खेल रहे पुलिस निरीक्षक को आतंकवादी ने गोली मारी
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक अधिकारी को रविवार को श्रीनगर में एक आतंकवादी ने गोली मार दी. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने हमले की जिम्मेदारी ली है.

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस निरीक्षक मसरूर अहमद वानी ईदगाह मैदान में स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे, तभी आतंकवादी ने उन्हें नजदीक से तीन गोलियां मारीं, जो उनकी आंख, पेट और हाथ में लगीं. रविवार को आमतौर पर ईदगाह मैदान में भारी संख्या में युवा खेलने के लिए जुटते हैं.

अधिकारियों ने बताया कि वानी के साथी आतंकवादी के पीछे भागे, लेकिन वह हवा में गोलीबारी करता हुआ आसपास की गलियों से फरार हो गया. उन्होंने बताया कि वानी को सौरा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका ऑपरेशन हो रहा है. अधिकारी ने बताया कि वानी की हालत नाजुक बताई जा रही है. वानी जिला पुलिस लाइन में तैनात थे.

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कश्मीर रेंज) विजय कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. कुमार ने कहा, ”हमने आतंकवादी की पहचान कर ली है. उसका नाम बासित डार है और वह कुलगाम का रहने वाला है. वह काफी समय से सक्रिय है और सीमा पार अपने आकाओं के आदेश पर काम कर रहा है.” उन्होंने कहा कि हमले में तुर्किये निर्मित पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया.

कुमार ने कहा कि कई टीम सक्रिय हैं और आतंकवादी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा, ”मुझे यकीन है कि हम उसे जल्द ही पकड़ लेंगे.” कुमार बाद में अस्पताल गए और चिकित्सकों से वानी की स्थिति के बारे में जानकारी ली. उन्होंने कहा, ”चिकित्सकों ने एक सर्जरी की है और दूसरी की योजना बना रहे हैं.” कश्मीर जोन की पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”आतंकवादियों ने श्रीनगर के ईदगाह के पास पुलिस निरीक्षक मसरूर अहमद पर गोलीबारी कर उन्हें घायल कर दिया. उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस अपराध में पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया. इलाके की घेराबंदी की गई है.” पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu