थाईलैंड ओपन बैडमिंटन: किरण ने किया उलटफेर किया, सिंधू बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 May 2023 08:27 PM
थाईलैंड ओपन बैडमिंटन: किरण ने किया उलटफेर किया, सिंधू बाहर
ऑडियो सुनें

बैंकॉक. भारत के किरण जॉर्ज ने उलटफेर करते हुए बुधवार को यहां चीन के दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी शी युकी को सीधे गेम में हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई लेकिन दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू पहले दौर में ही हारकर बाहर हो गईं.

अश्मिता चाहिला और साइना नेहवाल ने भी महिला एकल में दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि लक्ष्य सेन के अलावा सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दुनिया की चौथे नंबर की पुरुष युगल जोड़ी ने भी प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. किदांबी श्रीकांत और बी साई प्रणीत पुरुष एकल में जल्दी बाहर हो गए लेकिन ओडिशा ओपन के विजेता किरण ने 2018 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और तीसरे वरीय शी युकी को 21-18 22-20 से हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया. किरण अगले दौर में चीन के वेंग होंग येंग से भिड़ेंगे.

किरण के साथ प्रकाश पादुकोण अकादमी में बैडमिंटन के गुर सीखने वाले लक्ष्य सेन ने भी कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे के वैंग जू वेई को 21-23 21-15 21-15 से हराया. उनके अगले दौर में चीन के ऑल इंग्लैंड चैंपियन ली शी फेंग से भिड़ने की संभावना है. राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन सात्विक और चिराग की शीर्ष वरीय पुरुष युगल जोड़ी ने भी रासमुस जेयर और फ्रेड्रिक सोगार्ड की डेनमार्क की जोड़ी रोमांचक मुकाबले में 21-13 18-21 21-17 से हराया.

पूर्व विश्व चैंपियन सिंधू को हालांकि पहले दौर में ही 62 मिनट चले मुकाबले में कनाडा की मिशेल ली के खिलाफ 8-21 21-18 18-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. दिन के अन्य मुकाबलों में क्वालीफायर अश्मिता ने हमवतन मालविका बंसोड़ को 21-17 21-14 से हराया जबकि लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने कनाडा की वेन यू झेंग को 21-13 21-7 से शिकस्त दी.

अश्मिता अगले दौर में रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता चौथी वरीय कैरोलिना मारिन से भिड़ेंगी. साइना का सामना चीन की ही बिंग जियाओ से हो सकता है. विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत को हालांकि चीन के वेंग होंग येंग के खिलाफ 8-21 21-16 14-21 से हार का सामना करना पड़ा. तोक्यो ओलंपियन प्रणीत को भी फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव के खिलाफ 14-21 16-21 से हार झेलनी पड़ी.

ओरलियंस मास्टर्स के विजेता प्रियांशु राजावत भी पहले दौर की बाधा पार करने में विफल रहे और मलेशिया के एनजी जी योंग के खिलाफ 19-21 10-21 से हार गए. हाल में स्लोवेनिया ओपन का खिताब जीतने वाले दुनिया के 11वें नंबर के पूर्व खिलाड़ी समीर वर्मा को भी डेनमार्क के मैग्नस योहानसेन के खिलाफ 15-21 15-21 से हार झेलनी पड़ी. महिला युगल में अश्विनी भट के और शिखा गौतम को भी बेइक हा ना और ली सो ही की कोरिया की तीसरी वरीय जोड़ी के खिलाफ 11-21 6-21 से हार का सामना करना पड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu