थाईलैंड पुलिस का विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोगों की मौत

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 25 Apr 2025 01:22 PM
थाईलैंड पुलिस का विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बैंकॉक: थाईलैंड में समुद्र तट से सटे शहर के पास पुलिस का एक छोटा विमान समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘रॉयल थाई’ पुलिस के प्रवक्ता अर्चायोन क्रेथोंग ने बताया कि हुआ हिन जिले में पैराशूट प्रशिक्षण की तैयारी के लिए विमान परीक्षण उड़ान पर था लेकिन सुबह आठ बजे के आसपास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अधिकारियों ने घटना के तुरंत बाद प्रोपेलर विमान का मॉडल साझा नहीं किया, लेकिन घटनास्थल से मिली तस्वीरों में ‘वाइंिकग डीएचसी-6 ट्विन ओटर’ विमान नजर आ रहा है। प्राचुआब किरी खान प्रांत के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि विमान हुआ हिन हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

तस्वीरों में विमान तट से करीब 100 मीटर की दूरी पर समुद्र में नजर आ रहा है। तस्वीरों में विमान का ढांचा दो टुकड़ों में टूटा हुआ दिख रहा है। अर्चायोन ने बताया कि विमान में सवार सभी छह लोग पुलिस अधिकारी थे। उन्होंने पहले बताया कि पांच लोगों की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई, लेकिन बाद में उन्होंने मृतकों की संख्या को संशोधित कर पांच कर दिया और कहा कि जिस अधिकारी को अस्पताल भेजा गया था उसकी हालत गंभीर है, लेकिन वह जीवित है। दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। अर्चायोन ने कहा कि अधिकारी विमान के ‘ब्लैक बॉक्स’ से डाटा सहित अन्य साक्ष्य जुटा रहे हैं।
भाषा मनीषा
मनीषा
2504 1144 बैंकॉक

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital