गहलोत से मिले थरूर, कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर हुई चर्चा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Sep 2022 07:50 PM
गहलोत से मिले थरूर, कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर हुई चर्चा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने रविवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की, जिस दौरान दोनों ने पार्टी के भविष्य के कदमों और अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चर्चा की. सूत्रों ने यह जानकारी दी है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गहलोत के साथ थरूर की यह मुलाकात उस वक्त हुई है, जब कुछ दिनों पहले ही तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य ने संकेत दिया था कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं.

सूत्रों ने बताया कि थरूर रविवार अपराह्न यहां जोधपुर हाउस पहुंचे और गहलोत से मुलाकात की. सूत्रों ने जानकारी दी कि गहलोत और थरूर के बीच हुई करीब आधे घंटे की मुलाकात के दौरान पार्टी के भविष्य के कदमों तथा अध्यक्ष के चुनाव के संदर्भ में चर्चा हुई. कांग्रेस की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी. इसके बाद 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं और यदि एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा. गहलोत और थरूर, मुलाकात से पहले पार्टी की ‘महंगाई पर हल्ला-बोल’ रैली में भी शामिल हुए. थरूर ने रैली में राहुल गांधी की ओर से दिए गए भाषण के बाद कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ठोस भाषण दिया और अब संदेश को पूरे देश में ले जाना होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu