वह दिन दूर नहीं, जब भारतीय स्वदेश निर्मित अंतरिक्षयान से चांद पर कदम रखेगा : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 Oct 2023 07:30 PM
वह दिन दूर नहीं, जब भारतीय स्वदेश निर्मित अंतरिक्षयान से चांद पर कदम रखेगा : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

साहिबाबाद. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र के विकास के लिए एक खाका तैयार किया है और वह दिन दूर नहीं, जब एक भारतीय स्वदेश निर्मित अंतरिक्षयान से चांद पर कदम रखेगा. प्रधानमंत्री ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का ‘गगनयान’ भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में ले जाएगा और देश अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की भी योजना बना रहा.

मोदी ने दिल्ली-मेरठ ‘रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम’ (आरआरटीएस) के 17 किलोमीटर लंबे खंड पर पहली ‘नमो भारत’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा, ”हमने अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए 2040 तक का एक मजबूत खाका तैयार किया है…वह दिन दूर नहीं, जब हम अपने अंतरिक्षयान से चंद्रमा पर कदम रखेंगे.” मोदी ने याद किया कि भारत के चंद्र मिशन चंद्रयान-3 ने हाल में देश का तिरंगा चंद्रमा की सतह पर लगाया है.

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत प्रगति के नये अध्याय लिख रहा है और चंद्रमा पर चंद्रयान के पहुंचने से विश्व अवाक् रह गया.
प्रधानमंत्री ने कहा, ”जी20 शिखर सम्मेलन की सफलतापूर्वक मेजबानी करने के साथ, आज का भारत विश्व के लिए आकर्षण का केंद्र और जिज्ञासा बन गया है. आज के भारत ने एशियाई खेलों में 100 से अधिक पदक जीते हैं.”

उन्होंने कहा, ”आज के भारत ने अपने दम पर 5जी शुरू किया और इसे देश के कोने-कोने में पहुंचाया है. आज का भारत विश्व में सर्वाधिक डिजिटल लेन-देन कर रहा. आज से शुरू की गई ‘नमो भारत’ ट्रेन भी भारत में निर्मित है.’ इस महीने की शुरुआत में, प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के लिए लक्ष्य निर्धारित किए और इंजीनियरों और वैज्ञानिकों से 2035 तक एक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने और 2040 तक एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री को चंद्रमा की सतह पर भेजने की दिशा में काम करने को कहा.

मोदी ने वैज्ञानिकों को शुक्र जैसे अंतर-ग्रहीय अभियान शुरू करने और मंगल पर पहुंचने की कोशिश करने को भी कहा है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये घटाकर, और 80 करोड़ नागरिकों को मुफ्त राशन, केंद्र सरकार के कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को चार प्रतिशत महंगाई भत्ता देकर तथा ‘ग्रुप बी’ एवं ‘ग्रुप सी’ के लाखों अराजपत्रित रेलवे कर्मचारियों को दिवाली के बोनस के जरिये त्योहारों का उपहार दिया है.

उन्होंने कहा,”यह पूरे देश को फायदा पहुंचाएगा, क्योंकि यह बाजार में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा.” प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार में त्योहारों की खुशी उस वक्त बढ़ जाती है, जब इस तरह के संवेदनशील फैसले लिए जाते हैं. उन्होंने कहा, ”आप मेरे परिवार हैं, इसलिए आप मेरी प्राथमिकता हैं. यह काम आपके लिए किया जा रहा है. यदि आप खुश हैं, तो मुझे खुशी होगी. यदि आप सशक्त होंगे, तो देश मजबूती से उभरेगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu