दिल्ली पुलिस ने महिला से 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 18 Sep 2026 04:46 PM
दिल्ली पुलिस ने महिला से 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने सफदरजंग एनक्लेव इलाके की एक महिला से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी ठगने के आरोप में गुजरात से 24 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि जुलाई में लगभग 60 लाख रूपये के आभूषण और नकदी से जुड़ी धोखाधड़ी के संबंध में सफदरजंग एनक्लेव में मामला दर्ज कराया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी के संपर्क में आई थी और आरोपी ने खुद को एक निवेश विशेषज्ञ के रूप में पेश करके उसका विश्वास हासिल किया। पीड़िता ने कहा कि बाद में उसे निवेश के लिए पैसे और आभूषण सौंपने के लिए कहा गया और नौ जुलाई को आरोपी दिल्ली में उससे मिला तथा उसका मोबाइल फोन, आभूषण और 14 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग तथा एक क्रेडिट कार्ड लेकर कथित तौर पर भाग गया।

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने तकनीकी जांच की, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, उपलब्ध रिकॉर्ड के सत्यापन और संबंधित एजेंसियों व सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय के माध्यम से आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई।

उन्होंने कहा कि इस तरह से आरोपी की पहचान की गई और उनका पता लगाया गया। डीसीपी ने बताया कि इसके बाद पुलिस टीम ने गुजरात के मेहसाणा में छापेमारी की और आरोपी यश कैलाश बुलचंदानी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से लगभग 96 ग्राम पिघला हुआ सोना, दो सोने के सिक्के, एक सोने की जंजीर, एक हीरे का सेट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav