नयी दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को पिछड़े वर्ग के कर्मचारियों के एक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात के बाद कहा कि वह अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) की हिस्सेदारी की लड़ाई लड़ते रहेंगे. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग कर्मचारी कल्याण महासंघ (एनसीओबसी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी से उनके संसद भवन स्थित कार्यालय में मुलाकात की.
इस मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने अपने व्हाट्सएच चैनल पर पोस्ट किया, ”आज, संसद भवन में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग कर्मचारी कल्याण महासंघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की जो सार्वजनिक क्षेत्र के 30,000 ओबीसी कर्मचारियों का संगठन है. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और पब्लिक सेक्टर (सार्वजनिक क्षेत्र) में उनके प्रतिनिधित्व से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता जाहिर की.” उन्होंने कहा, ”ओबीसी वर्ग की भारत में सबसे बड़ी आबादी है जिनका हर क्षेत्र में बड़ा योगदान हैं. उनकी समृद्धि और हिस्सेदारी की लड़ाई पूरी शक्ति के साथ लड़ता रहूंगा.”