पहला सी-295 विमान सितंबर 2026 में वडोदरा संयंत्र में तैयार होने की संभावना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Oct 2024 07:52 PM
पहला सी-295 विमान सितंबर 2026 में वडोदरा संयंत्र में तैयार होने की संभावना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. गुजरात के वडोदरा में सी-295 विमानों के लिए एक विनिर्माण इकाई के उद्घाटन से पहले, आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को कहा कि भारत में बनने वाले 40 सी-295 सैन्य विमानों में से पहला विमान सितंबर 2026 में बनकर तैयार होने की संभावना है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और स्पेन के उनके समकक्ष पेड्रो सांचेज सोमवार को सी-295 विमान के निर्माण के लिए वडोदरा संयंत्र का उद्घाटन करेंगे. इन विमानों का निर्माण टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड (टीएएसएल) करेगी.

प्रधानमंत्री मोदी ने अक्टूबर 2022 में वडोदरा में सी-295 विमान के फाइनल असेंबली लाइन (एफएएल) संयंत्र की आधारशिला रखी थी.
रक्षा मंत्रालय ने सितंबर 2021 में 56 विमानों की आपूर्ति के लिए स्पेन की कंपनी एयरबस डिफेंस एंड स्पेस एसए के साथ 21,935 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे. इन 56 विमानों में से 40 का निर्माण भारत में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स करेगी.

सूत्र ने कहा, “भारत में बनने वाले 40 विमानों में से पहला सी-295 विमान सितंबर 2026 में वडोदरा संयंत्र में तैयार हो जाएगा. बाकी 39 विमान अगस्त 2031 तक तैयार कर लिए जाएंगे.” स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज 28 से 30 अक्टूबर तक भारत की यात्रा पर रहेंगे. इस दौरान वह सोमवार को वडोदरा स्थित संयंत्र का दौरा करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu