शादी से इनकार करने पर युवती ने पुरुष मित्र की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 09:48 PM
शादी से इनकार करने पर युवती ने पुरुष मित्र की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की
ऑडियो सुनें

मेदिनीनगर. झारखंड के पलामू जिले में 20 वर्षीय एक युवती ने शादी से इनकार करने पर कुल्हाड़ी से काटकर अपने पुरुष मित्र की कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि घटना जिले के पाटन पुलिस थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव के नजदीक हुई.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरजीत कुमार ने बताया कि महिला की पहचान अंजलि कमार के तौर पर की गई है और उसे सोमवार को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि युवती की खून से सनी सलवार कमीज और वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है.

पुलिस ने बताया कि अंजलि का धरमेन उरांव (24) के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन उसने (उरांव ने) विवाह के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया. पुलिस ने बताया कि क्षुब्ध अंजलि ने हत्या की साजिश रची और धरमेन को शनिवार को एक सुनसान स्थान पर बुलाया.

उसने बताया कि बातचीत करते हुए कुछ वक्त बिताने के बाद धरमेन जमीन पर ही सो गया, और इसके तुरंत बाद अंजलि ने नजदीक रखी कुल्हाड़ी से उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि अंजलि ने हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया और मौके से फरार हो गई. रविवार को स्थानीय लोगों को वहां धरमेन का शव मिला था. पुलिस ने बताया कि उसने 48 घंटे के भीतर ही मामले की गुत्थी सुलझा ली और आरोपी को गिरफ्तार करने के अलावा सबूत भी जुटा लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu