बर्लिन. फ्रांस के दंगों की ‘आंच’ पड़ोसी स्विटज़रलैंड के लुसाने तक पहुंच गयी जहां कुछ दुकानों पर पथराव के बाद सात लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनमें से अधिकांश किशोर हैं. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने एक बयान में बताया कि पश्चिमी स्विटज़रलैंड के फ्रैंच भाषी लुसाने के मध्य इलाके में शनिवार शाम को 100 से ज्यादा लोग इकट्ठा हो गए. बयान में कह गया है कि वे फ्रांस में हिंसा को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अपील के बाद जमा हुए थे. पेरिस के एक उपनगर में एक 17 वर्षीय नाबालिग की पुलिस गोलीबारी में मौत के बाद हुई हिंसा ने फ्रांस को हिला दिया है.
पुलिस ने बताया कि युवकों की ओर से किए गए पथराव और पेट्रोल बम फेंकने से कई दुकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एक दुकान का दरवाज़ा क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस ने कहा कि उसने छह नाबालिगों को हिरासत में लिया है जिनकी उम्र 15 से 17 साल के बीच है और उनमें से तीन लड़कियां और तीन लड़के हैं तथा उनके पास पुर्तगाल, सोमालिया, बोस्निया, स्विटज़रलैंड, जॉर्जिया और र्सिबया की नागरिकता है. पुलिस ने बताया कि उसने एक 24 वर्षीय स्विट्ज.रलैंड के नागरिक को भी हिरासत में लिया है. घटना में कोई भी पुलिस अधिकारी जख्मी नहीं हुआ है.