आईओसी ने इंडोनेशिया में कोई भी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता नहीं कराने की सिफारिश की

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 23 Oct 2025 12:39 PM
आईओसी ने इंडोनेशिया में कोई भी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता नहीं कराने की सिफारिश की
ऑडियो सुनें

लुसाने: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने वैश्विक खेल महासंघों को इंडोनेशिया में प्रतियोगिताओं का आयोजन बंद करने की अनुशंसा की है क्योंकि देश ने जकार्ता में चल रही जिम्नास्टिक विश्व चैंपियनशिप में इजराइली खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।

आईओसी के कार्यकारी बोर्ड ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि वह भविष्य की ओलंपिक प्रतियोगिताओं की मेजबानी के बारे में इंडोनेशिया के साथ ‘किसी भी प्रकार की बातचीत’ भी समाप्त कर रहा है।

इंडोनेशिया के एक सरकारी अधिकारी ने इस महीने की शुरूआत में घोषणा की थी कि इजराइली खिलाड़ियों को विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए वीजा नहीं दिया जाएगा। यह प्रतियोगिता पिछले रविवार से शुरू हुई और इस सप्ताहांत तक चलेगी।

इजराइल प्रतियोगिता के लिए पंजीकृत 86 टीम में से एक था और उसकी टीम में 2020 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और पुरुषों की फ्लोर एक्सरसाइज स्पर्धा के गत विश्व चैंपियन आर्टेम डोल्गोप्यात भी शामिल थे।

आईओसी के कार्यकारी बोर्ड ने कहा, ‘‘ये कार्रवाई खिलाड़ियों को शांतिपूर्वक प्रतिस्पर्धा करने के उनके अधिकार से वंचित करती है और ओलंपिक आंदोलन को खेल की शक्ति दिखाने से रोकती है।’’

इंडोनेशिया दुनिया का सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश है और लंबे समय से फलस्तीनियों का कट्टर समर्थक रहा है। इजराइली खिलाड़ियों की संभावित भागीदारी ने देश के भीतर तीव्र विरोध को जन्म दिया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital