लोहागढ़ किले में फिर दोहराया गया केतन की मौत का मंजर; 300 फीट खाई में क्यों फेंकी गई डमी?

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 01 Jul 2026 12:20 PM
लोहागढ़ किले में फिर दोहराया गया केतन की मौत का मंजर; 300 फीट खाई में क्यों फेंकी गई डमी?
ऑडियो सुनें

पुणे: लोहागढ़ किले में पुणे ग्रामीण पुलिस ने बुधवार को चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया। इस दौरान जांच अधिकारियों ने घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए केतन की लंबाई और वजन से मेल खाती फाइबर की एक डमी को 300 फीट से अधिक गहरी खाई में फेंका। इससे एक दिन पहले मंगलवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी चेतन चौधरी की गतिविधियों का विश्लेषण (गेट एनालिसिस) किया था। सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी पर 18 जून को लोहागढ़ किले में अपने मंगेतर, 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या करने का आरोप है।

क्यों किया गया सीन रीक्रिएशन?
क्राइम सीन रीक्रिएशन का उद्देश्य यह पता लगाना था कि घटना वाले दिन चेतन चौधरी किस रास्ते से गया, उसने कहां-कहां आवाजाही की और पूरी घटना किस तरह हुई। जांच के दौरान पुलिस ने वह ट्राउजर भी बरामद कर लिया, जिसे चेतन ने कथित तौर पर हत्या वाले दिन पहना था। इस बीच, महाराष्ट्र की एक अदालत ने सोमवार को पुणे ग्रामीण पुलिस को सिया गोयल और चेतन बाबूलाल चौधरी की पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस हिरासत दे दी। प्रारंभिक पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया।

जांच क्यों अधूरी? पुलिस ने कोर्ट को बताई वजह
रिमांड बढ़ाने की मांग करते हुए जांच अधिकारियों ने अदालत को बताया कि मामले की जांच के कई अहम पहलू अभी बाकी हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की मौजूदगी में घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण और रीक्रिएशन करना है, हत्या के बाद चेतन की गतिविधियों की जांच करनी है, दोनों आरोपियों के बीच हुई फोन पर बातचीत की पड़ताल करनी है और केतन के पासपोर्ट को नष्ट करने से जुड़े सबूत जुटाने हैं।

बाली ट्रिप रोकने के लिए पासपोर्ट नष्ट करने का आरोप
जांच अधिकारियों के अनुसार, सिया गोयल ने कथित तौर पर एक फूड मॉल में रुकने के दौरान केतन का पासपोर्ट चुराया और बाद में उसे फाड़कर जला दिया। उस समय परिवार शादी से पहले बाली घूमने के लिए मुंबई एयरपोर्ट जा रहा था। एयरपोर्ट पहुंचने पर जब केतन को अपना पासपोर्ट नहीं मिला तो बाली यात्रा रद्द करनी पड़ी। पुलिस का मानना है कि दोनों के एक साथ विदेश यात्रा पर जाने से रोकने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी। इससे पहले, परिवार को लेकर जा रहे ड्राइवर ने भी दावा किया था कि सफर के दौरान सिया कुछ देर के लिए अकेले पार्क की गई गाड़ी में लौटी थी और वहां से उसने कुछ सामान निकाला था।

हत्या से पहले का पुराना वीडियो आया सामने
इस बीच, केतन अग्रवाल का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुणे में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में अपनी मंगेतर सिया गोयल और दोनों परिवारों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 7 मई का बताया जा रहा है, जो हत्या से करीब एक महीने पहले का है। वीडियो में 26 वर्षीय केतन अपने रिश्तेदारों के साथ खुशी के माहौल में जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो गायिका रीतू शर्मा ने इंस्टाग्राम पर साझा किया था। उन्होंने उसी पारिवारिक समारोह में प्रस्तुति दी थी।

किन दो वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान?
रीतू शर्मा ने मंगलवार रात अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो वीडियो पोस्ट किए। पहले वीडियो में केतन के पिता विशाल अग्रवाल और सिया के माता-पिता प्रवीण गोयल तथा पूजा गोयल अन्य रिश्तेदारों के साथ मंच के पास खड़े नजर आते हैं। इस दौरान विशाल अग्रवाल, रीतू शर्मा के साथ बॉलीवुड का लोकप्रिय गीत ‘यम्मा-यम्मा’ गाते दिखाई देते हैं। गाने की पंक्तियां ‘बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां तुम कहां’, माहौल को और भावुक बना देती हैं।

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav