तेंदुए के हमले में खुद को बचाने के लिए युवक ने दिखाई जीवटता, वीडियो वायरल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Jun 2025 09:55 PM
तेंदुए के हमले में खुद को बचाने के लिए युवक ने दिखाई जीवटता, वीडियो वायरल
ऑडियो सुनें

लखीमपुर खीरी/रांची. लखीमपुर खीरी जिले के बबुरी गांव के पास ईंट-भट्ठे में छुपे तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया और इस दौरान युवक ने अदम्य साहस दिखाते हुए तेंदुए से मुकाबला किया तथा उसकी गर्दन दबोच ली. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के बबुरी गांव निवासी मिहीलाल नामक युवक तेंदुए से मुकाबला करता हुआ नजर आ रहा है. वीडियो में युवक पूरी हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन को कसकर पकड़े नजर आ रहा है और ग्रामीण उसे बचाने के लिए तेंदुए को लगातार ईंट मार रहे हैं.

ग्रामीणों द्वारा युवक को बचाने के लिए फेंकी गयी ईंटों की चपेट में आने से तेंदुआ भी जख्मी हुआ है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि बबुरी गांव में मंगलवार दोपहर मिहीलाल (35) चाभी लेने के लिए ईंट-भट्ठे पर पहुंचा था तभी वहां छुपे करीब चार साल के तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर पास के केले के बाग में ले जाने का प्रयास किया. हालांकि, मिहीलाल ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन पकड़ी और उसे जमीन पर गिरा दिया. तेंदुए ने अपने पंजों से मिहीलाल के चंगुल से छूटने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुआ.

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने के लिए ईंटों से तेंदुए पर हमला कर दिया. हमले से गुस्साए तेंदुए ने कुछ ग्रामीणों, एक वन रक्षक और एक पुलिसकर्मी को भी घायल कर दिया. पुलिस और वन विभाग के कर्मचारियों ने युवक तथा तेंदुए को बचाया.

दुधवा बफर जोन के क्षेत्र उपनिदेशक सौरीश सहाय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ग्रामीणों ने घटना के बारे में वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद बचाव दल ने तेंदुए को बेहोश किया और उसे धौरहरा रेंज मुख्यालय ले जाया गया. तेंदुए के हमले में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के हमले में तेंदुआ घायल हुआ है. होश में आने के बाद उसकी स्थिति स्पष्ट होगी.

सहाय ने बताया कि एक अन्य घटना में शारदानगर क्षेत्र के जटपुरवा गांव में वन विभाग की टीम ने बबुरी गांव की घटना से कुछ घंटे पहले एक बीमार तेंदुए को पकड़ा. राहगीरों ने कांप रहे एक बीमार तेंदुए को देखकर वन विभाग को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग के बचाव दल ने तेंदुए को रेंज मुख्यालय पहुंचाया. उन्होंने बताया कि दुधवा के पशु चिकित्सक दोनों तेंदुओं की शारीरिक जांच कर रहे हैं. उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

झारखंड: किसान के घर घुसा बाघ, वन अधिकारियों ने पकड़ा
झारखंड के रांची जिले के एक गांव में बुधवार को एक वयस्क बाघ (रॉयल बंगाल टाइगर) एक किसान के घर में घुस गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि बाद में वन अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया. यह घटना झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 65 किलोमीटर दूर मुरी पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में सिल्ली प्रखंड के मरदु गांव में घटी.

रांची के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “बाघ सुबह करीब पांच बजे पूरन चंद महतो के घर में घुस गया.” वर्मा ने बताया कि जब किसान ने बाघ को घर के एक कमरे में घुसते देखा तो उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया.
उन्होंने बताया कि जब बाघ घर में घुसा तो करीब आठ साल की दो बच्चियां भी घर के अंदर थीं, लेकिन उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

अधिकारी ने बताया कि पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) से एक बचाव दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू कर कर सफलतापूर्वक बाघ को पकड़ लिया. उन्होंने कहा, “पिंजरे में बंद करने के बाद उसे बेहोश कर दिया गया. उसे एक वाहन में लादकर रांची के बिरसा जैविक उद्यान ले जाया जाएगा, जहां उसे निगरानी में रखा जाएगा.” उन्होंने कहा, “हालांकि, बाघ को मुक्त करने का निर्णय बाद में लिया जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu