झीरम घाटी नक्सली हमले और पहलगाम आतंकी हमले में दो समानताएं हैं: बघेल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 07:20 PM
झीरम घाटी नक्सली हमले और पहलगाम आतंकी हमले में दो समानताएं हैं: बघेल
ऑडियो सुनें

दुर्ग. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहलगाम आतंकी हमले की तुलना 2013 के झीरम घाटी नक्सली हमले से करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इन घटनाओं से पहले दोनों जगहों पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी. जिले के भिलाई शहर के एक होटल में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झीरम घाटी और पहलगाम हमले में दो समानता है. एक में नाम पूछकर मारा गया और दूसरे में धर्म पूछकर.

उल्लेखनीय है कि 25 मई 2013 को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के झीरम घाटी में कांग्रेस पार्टी की ‘परिवर्तन रैली’ के दौरान नक्सलियों ने कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हमला किया था, जिसमें कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल समेत 29 लोग मारे गए थे.

बघेल ने कहा, ”पहलगाम हमले ने झीरम घाटी नक्सली हमले की याद दिला दी. पहलगाम हमले और झीरम घाटी हमले में दो समानताएं हैं. झीरम घाटी हमले में नक्सलियों ने लोगों का नाम पूछकर उनकी हत्या कर दी. उन्होंने पूछा था कि नंद कुमार पटेल, दिनेश पटेल (नंद कुमार पटेल के बेटे) और महेंद्र कर्मा कौन हैं. पहलगाम में आतंकियों ने लोगों के नाम और उनका धर्म भी पूछा. दूसरी समानता यह है कि दोनों घटनाओं के समय सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे.” उन्होंने कहा कि ऐसे हमलों में देखा गया है कि नक्सली और आतंकी बम विस्फोट और गोलीबारी करने के बाद भाग जाते हैं, लेकिन इन दोनों घटनाओं में वे घंटों वहां इंतजार करते रहे.
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को पता था कि लोगों की मदद के लिए कोई सुरक्षा कर्मी नहीं है.

बघेल ने कहा कि पहलगाम में आतंकियों को भरोसा था कि सुरक्षा कर्मी नहीं आएंगे, ऐसे में यह एक बड़ा सवाल है कि उन्हें इतना भरोसा कैसे हो गया. उन्होंने कहा, ”हम सरकार के साथ हैं, चाहे वह (आतंकवादी हमले के बाद) कोई भी कार्रवाई करे, लेकिन उन्हें (सरकार को) बताना चाहिए कि खुफिया विफलता और लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है.” बघेल ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि दुकानदारों समेत स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घटना के दौरान पीड़ित परिवारों की मदद की.

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस पार्टी शुक्रवार को राज्य में एक रैली आयोजित करेगी जिससे सरकार की विफलता और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं को बदनाम करने और उनकी आवाज दबाने की कथित साजिश के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी.” उन्होंने कहा कि पार्टी पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले लोगों को शुक्रवार को श्रद्धांजलि देगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu