कांग्रेस और बसपा के बीच गठबंधन की कोई सम्भावना नहीं : सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 22 Oct 2023 06:35 PM
कांग्रेस और बसपा के बीच गठबंधन की कोई सम्भावना नहीं : सिंह
ऑडियो सुनें

बलिया. उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एकमात्र विधायक उमा शंकर सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की सम्भावनाओं से इनकार किया है. सिंह ने रविवार को खनवर गांव में संवाददाताओं से बातचीत में आगामी लोकसभा चुनाव में बसपा की कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि इन दोनों दल के बीच तालमेल की कोई सम्भावना नहीं है.

उन्होंने कहा, ”बसपा का रुख पहले से ही बिल्कुल स्पष्ट है कि हम अपने बलबूते चुनाव लड़ेंगे.” सिंह ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) गठबंधन में शामिल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच हाल में उपजी तल्खी की तरफ इशारा करते हुए कहा, ”जब हमारे अंदर किसी भी प्रकार का लालच आ जाता है तो वह रिश्ता निश्चित रूप से टिक नहीं पाता.”

उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच हाल में हुई जुबानी जंग को अशोभनीय करार देते हुए कहा, ”इस दौरान जिस तरह के शब्दों का प्रयोग हुआ, वह निश्चित रूप से बहुत अशोभनीय हैं. किसी को भी एक दूसरे के बारे में ऐसी बात कहने का अधिकार नहीं है. राजनीति में कोई किसके साथ रहेगा और किसके साथ नहीं, ये अलग बात है लेकिन हमें अपनी भाषा पर संयम रखकर किसी के बारे में बात कहनी चाहिए.” सिंह ने ‘इंडिया’ गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले से ही पता था कि इस गठबंधन में यही होने वाला है.

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा ‘इंडिया’ गठबंधन के तहत एक भी सीट नहीं दिये जाने से नाराज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल में बेहद तल्ख रुख अपनाया था. उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर भाजपा से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेस ने जिस तरह का व्यवहार मध्य प्रदेश में सपा के साथ किया है, वैसा ही आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में सहन करना पड़ेगा. उन्होंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के लिये अशोभनीय टिप्पणी भी की थी. हालांकि यादव ने कांग्रेस नेतृत्व से बातचीत के बाद अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हिदायत दी है कि वे कांग्रेस नेताओं के बारे में अनर्गल बयानबाजी ना करें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu