लोकसभा चुनाव 2024 को फतह करने के लिए बीजेपी अभी से जुटी, आज गाजियाबाद में जुटेंगे ये दिग्गज…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 05 Aug 2023 12:22 PM
लोकसभा चुनाव 2024 को फतह करने के लिए बीजेपी अभी से जुटी, आज गाजियाबाद में जुटेंगे ये दिग्गज…
ऑडियो सुनें

गाजियाबाद. लोकसभा चुनाव 2024 को फतह करने के लिए बीजेपी अभी से जुट गई है. ख़ासकर, बीजेपी ने यूपी के मिशन-80 के लक्ष्य को साधने के लिए वोट फीसद बढ़ाने की नीति पर काम करने का फैसला किया है. इसके लिए शहरी इलाकों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों पर पार्टी की विशेष नजर है. लिहाजा, उसने जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विशेष ट्रेनिंग देने का फैसला किया है. इसी क्रम में गाजियाबाद में शुक्रवार से दो दिवसीय जिला पंचायत सदस्यों की ट्रेनिंग का आगाज हो रहा है, जिसमें प्रदेश पार्टी के दिग्गज जुटेंगे.

बीजेपी आज से पश्चिम क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्यों को ट्रेनिंग देने जा रही है. इसमें पश्चिम के 19 जिलों के 122 जिला पंचायत सदस्य शामिल होंगे. साथ ही 14 जिला पंचायत अध्यक्ष भी ट्रेनिंग में हिस्सा लेंगे. वहीं 19 जिलों के पार्टी अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष भी ट्रेनिंग सत्र में मिशन 2024 की रणनीति को धार देने के लिए एकजुट होंगे. वहीं अवध क्षेत्र का प्रशिक्षण 12-13 अगस्त को अयोध्या में, 19-20 अगस्त को बृज क्षेत्र का प्रशिक्षण वृंदावन में, काशी क्षेत्र का प्रयागराज, कानपुर और बुंदेलखण्ड का प्रशिक्षण बिठूर और गोरखपुर क्षेत्र का प्रशिक्षण 22-23 अगस्त को कुशीनगर में होगा.

आज प्रदेश अध्यक्ष, कल डिप्टी सीएम देंगे मंत्र
गाजियाबाद में आज से होने वाली दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले दिन बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सदस्यों को संबोधित करेंगे. इस दौरान कैसे ग्रामीण क्षेत्रों में वोट फीसद को बढ़ाया जाए और मतदाताओं से कैसे संपर्क कर पार्टी से जोड़ा जाए, इन विषयों पर बात होगी. आज दोपहर दो से साढ़े छह बजे तक दो सत्रों का आयोजन होगा. वहीं रविवार को 10 बजे से 6 बजे तक 5 सत्रों का आयोजन किया जाएगा, इसमें डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, मंत्री सूर्य प्रताप शाही और मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मौजूद रहेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav