आज पूरी दुनिया में भारत के सामर्थ्य की वाहवाही हो रही है: मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 07:31 PM
आज पूरी दुनिया में भारत के सामर्थ्य की वाहवाही हो रही है: मोदी
ऑडियो सुनें

जयपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि आज देश का गौरव नए आसमान पर है और पूरी दुनिया में भारत के सामर्थ्य की वाहवाही हो रही है.

इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान के लोगों ने कांग्रेस के ‘कुशासन’ से मुक्ति पाने का बिगुल फूंक दिया है. उन्होंने कहा,” पिछले पांच साल में कांग्रेस ने यहां जिस तरह की सरकार चलाई है वह ‘जीरो नंबर’ पाने की हकदार है.” मोदी जयपुर के बाहरी इलाके के दादिया गांव में परिवर्तन संकल्प महासभा को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा,”आज मैं जयपुर ऐसे समय में आया हूं, जब देश का गौरव नए आसमान पर है. आज पूरी दुनिया में भारत के सामर्थ्य की वाह-वाही हो रही है. हमारा चंद्रयान वहां पहुंचा, जहां दुनिया का कोई भी देश नहीं पहुंच पाया. जी20 में भारत की सफलता से भारत के विरोधी देश भी हैरान हैं, परेशान हैं.”

मोदी ने कहा,”भारत ने गणेश चतुर्थी के दिन अपनी नई ससंद भवन से काम-काज शुरू किया है और नई ईमारत में सबसे पहला काम भाजपा सरकार ने हमारी माताओं बहनो, बेटियों को भी सर्मिपत किया है.”

राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ”राजस्थान के लोगों ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति पाने का बिगुल फूंक दिया है. पिछले पांच साल में कांग्रेस ने यहां जिस तरह की सरकार चलाई है वह जीरो नंबर पाने की हकदार है. गहलोत सरकार ने राजस्थान के लोगों, युवाओं के पांच महत्वपूर्ण वर्ष बर्बाद कर दिए. इसलिए राजस्थान के लोगों ने ठान लिया है कि वे गहलोत सरकार को हटाएंगे भाजपा को वापस लाएंगे.”

मोदी ने कहा, ”मैं साफ देख रहा हूं कि राजस्थान में अब परिवर्तन होकर रहेगा.” उन्होंने कहा,”राजस्थान में भाजपा सरकार बनने के बाद पेपर लीक माफिया पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा.”

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस एवं उसके घमंडिया साथी महिला आरक्षण के घोर विरोधी हैं. जो कांग्रेसी आज महिला आरक्षण की बात कर रहे हैं, ये काम वे 30 साल पहले कर सकते थे. जब-जब मौका मिला तब वे कर सकते थे. लेकिन सच्चाई ये है कि कांग्रेसी कभी चाहते ही नहीं थे कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले.”
***

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu