अहमदाबाद में पाकिस्तान टीम का पारंपरिक स्वागत, पीसीबी ने वीडियो पोस्ट किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Oct 2023 08:02 PM
अहमदाबाद में पाकिस्तान टीम का पारंपरिक स्वागत, पीसीबी ने वीडियो पोस्ट किया
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. भारतीय मेहमाननवाजी का गुरुवार को एक बार फिर शानदार नजारा दिखा जब चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ बहुप्रतीक्षित विश्व कप मुकाबले से पूर्व पाकिस्तान की टीम का भव्य स्वागत किया गया. पाकिस्तान की टीम ने इससे पहले विमान में भी जश्न मनाया था.

यहां टीम होटल पहुंचने पर पाकिस्तान के खिलाड़ियों का फूल बरसाकर और गुब्बारों, पारंपरिक स्कार्फ, ढोल और नृत्य के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इससे पहले टीम ने उस विमान में केक काटा जो उन्हें हैदराबाद से अहमदाबाद लाया. इसका इंतजाम विमान र्किमयों ने किया था. अपने खिलाड़ियों के स्वागत से अभिभूत पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो डालकर इन लम्हों को साझा किया.

पीसीबी ने वीडियो का शीर्षक लिखा, ”अहमदाबाद पहुंच गए हैं. यात्रा को सहेजा, विमान में सरप्राइज जश्न मनाया गया.” भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को होने वाले मुकाबले के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. शहर को किले में तब्दील किया गया है. गुजरात पुलिस, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), त्वरित कार्यबल (आरएएफ) और होम गार्ड के 11 हजार से अधिक सदस्यों को सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है.

सात साल बाद भारत का दौरा कर रही पाकिस्तान की टीम यहां पहुंचने के बाद से हैदराबाद में थी. टीम ने वहां दो अभ्यास मैच सहित वार मैच खेले और इस दौरान प्रशंसकों और मीडिया के आकर्षण का केंद्र बनी रही. बाबर आजम की अगुआई वाली टीम को हैदराबाद में ‘स्वदेश’ जैसा अहसास हुआ क्योंकि दर्शकों ने हवाई अड्डे पर और मैच के दौरान उनका खूब समर्थन किया. पाकिस्तान ने शुरुआती दो मैच में नीदरलैंड और श्रीलंका को हराकर विश्व कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu