ट्रांसजेंडर समूह ने महिला को पर्शियन बिल्ली लौटाई, “अपहरण” की शिकायत वापस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Aug 2023 08:43 PM
ट्रांसजेंडर समूह ने महिला को पर्शियन बिल्ली लौटाई, “अपहरण” की शिकायत वापस
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में मनचाहा नेग नहीं मिलने पर ट्रांसजेंडर के समूह द्वारा एक बुजुर्ग महिला के घर से विदेशी प्रजाति की पालतू बिल्ली को कथित रूप से अगवा किए जाने के मामले में बुधवार को नया मोड़ आया. घटना को लेकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज होने के अगले दिन ट्रांसजेंडर समूह ने महिला को उसकी पर्शियन बिल्ली लौटा दी. इसके बाद महिला के परिवार ने अपनी शिकायत वापस ले ली. पुलिस ने यह जानकारी दी.

द्वारकापुरी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सूर्यदेव नगर में रहने वाले अमोघ गडकरी ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रांसजेंडर का एक समूह उनके घर पहुंचा और उनकी भांजी के जन्म की खुशी में उनकी बुजुर्ग मां से 51,000 रुपये का नेग मांगा.
अधिकारी ने बताया कि शिकायत में कहा गया था कि यह मांग पूरी नहीं होने पर ट्रांसजेंडर समूह महिला के घर से उसकी र्पिशयन बिल्ली को कथित रूप से अगवा करके अपने साथ ले गया.

सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) कमल चौहान ने बुधवार को बताया, ”ट्रांसजेंडर समूह ने गडकरी के परिवार को उनकी पालतू बिल्ली पुलिस की मौजूदगी में लौटा दी है. इसके बाद शिकायतकर्ता ने लिखकर दिया है कि अब वह इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहता है.” उन्होंने बताया कि पालतू बिल्ली के कथित अपहरण की शिकायत पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है. शिकायतकर्ता अमोघ गडकरी की बहन रुचिका गडकरी ने बताया, ”ट्रांसजेंडर के समूह ने एक युवक के हाथों द्वारकापुरी पुलिस थाने में बिल्ली भिजवाई. हमें अपनी बिल्ली वापस मिल गई है. हालांकि, बिल्ली को तेज बुखार है और वह बेहद डरी हुई है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu