ट्रांसजेंडर विवाद : 24 लोगों के ‘फिनाइल’ पीने से मचे बवाल के बाद एक गुट की प्रमुख गिरफ्तार

इंदौर. इंदौर में ट्रांसजेंडर समुदाय के गुटीय विवाद ने बुधवार रात भयानक मोड़ ले लिया, जब एक धड़े के 24 लोगों ने कथित तौर पर ‘फिनाइल’ पीकर सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की. पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक गुट की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए दूसरे धड़े की प्रमुख को गिरफ्तार किया है.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के एक स्थानीय गुट की प्रमुख सपना गुरु उर्फ सपना हाजी (55) को भारतीय न्याय संहिता के संबद्ध प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि सपना हाजी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे 15 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के मुताबिक ट्रांसजेंडर के दूसरे गुट के सदस्यों का आरोप है कि सपना हाजी और उसके तीन साथियों ने इस समुदाय के एक सम्मेलन के लिए एकत्रित धरोहर राशि उन्हें लौटाने से इनकार कर दिया और उनके साथ मारपीट करते हुए उन्हें जान से मार डालने की धमकी भी दी.

दंडोतिया ने बताया कि ट्रांसजेंडर के इस गुट ने यह आरोप भी लगाया है कि सपना हाजी और उसके साथियों की प्रताड़ना से तंग आकर उसके 24 सदस्यों ने आत्महत्या के इरादे से बुधवार रात नंदलालपुरा स्थित डेरे में कथित तौर पर ‘फिनाइल’ पी लिया था. उन्होंने बताया, ”फिनाइल पीने की बात कहने वाले सभी 24 लोगों को शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों के मुताबिक सभी मरीजों की हालत पूरी तरह खतरे से बाहर है.” अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के मुताबिक ट्रांसजेंडर के एक गुट के सदस्यों ने खुद को पत्रकार बताने वाले पंकज जैन और अक्षय कुमायूं नामक व्यक्तियों के खिलाफ आरोप लगाया है कि वे सपना हाजी गुट के साथ मिलकर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं.

दंडोतिया ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के गुटीय विवाद को लेकर पंढरीनाथ पुलिस थाने में दर्ज मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. उन्होंने बताया कि एमवायएच परिसर में बुधवार देर रात हंगामे के बीच एक ट्रांसजेंडर ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की थी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसर्किमयों ने उसकी कोशिश नाकाम कर दी थी.

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शहर में ट्रांसजेंडर समुदाय के दो गुटों के बीच वर्चस्व, धन के लेन-देन और गद्दी (गुरु पद) को लेकर लंबे समय से विवाद है और दोनों गुट आए दिन एक-दूसरे पर संगीन आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग करते रहते हैं. पंढरीनाथ पुलिस थाने के प्रभारी अजय राजौरिया ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के नंदलालपुरा डेरे के बाहर एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

इस बीच, एमवायएच परिसर में बुधवार देर रात खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश करने वाली ट्रांसजेंडर नेहा कुंवर मीडिया के सामने आईं. उन्होंने आरोप लगाया कि सपना हाजी और उनका साथी राजा हाशमी ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से पिछले 16 साल से जबरन नेग मंगवाकर ‘बंधुआ मजदूरी’ करा रहे हैं और उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं.

नेहा कुंवर ने सपना हाजी और उनके साथियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी,”अगर पुलिस और प्रशासन हमारा साथ नहीं देंगे, तो हमारे डेरे के 300 ट्रांसजेंडर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह के लिए मजबूर होंगे.” ट्रांसजेंडर के गुटीय विवाद के तूल पकड़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल में शामिल इंदौर के लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने कहा, ”ट्रांसजेंडर के गुटीय विवाद के कारण शहर की छवि खराब हो रही है. पुलिस को इस विवाद की असली वजह की बारीकी से जांच करनी चाहिए. इसके बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button