ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी कार को मारी टक्कर, आठ लोगों की मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 03 Sep 2024 10:43 AM
ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी कार को मारी टक्कर, आठ लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

जींद: जींद के नरवाना में श्रद्धालुओं से भरे एक वाहन के ट्रक की चपेट में आ जाने से तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। घायलों का नरवाना के सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कुरुक्षेत्र के मर्छेदी गांव से करीब 15 लोग सोमवार शाम को एक कार से राजस्थान के गोगामेड़ी धाम में पूजा अर्चना के लिए जा रहे थे। देर रात करीब साढ़े 12 बजे जब वे नरवाना के बिरधाना गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे कार गड्ढे में गिर गई और पलट गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद राहगीरों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की और नरवाना थाना सदर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नरवाना के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने आठ लोगों को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान रुक्मिणी (50), कामिनी (35), तेजपाल (55), सुरेश (50), परमजीत (50), मुक्ति (50) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav