भारत में आईफोन का विनिर्माण संयंत्र नहीं चाहते ट्रंप, एप्पल की योजना बरकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 10:43 PM
भारत में आईफोन का विनिर्माण संयंत्र नहीं चाहते ट्रंप, एप्पल की योजना बरकरार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/दोहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक से भारत में आईफोन का उत्पादन बंद करने और इसके बजाय अमेरिका में आईफोन बनाने को कहा है. एप्पल अमेरिका में स्मार्टफोन का उत्पादन नहीं करती है. इसके अधिकांश आईफोन चीन में बनाए जाते हैं, जबकि भारत में स्थित संयंत्रों में सालाना लगभग चार करोड़ इकाई (एप्पल के वार्षिक उत्पादन का लगभग 15 प्रतिशत) का उत्पादन होता है.

राष्ट्रपति के रूप में अपने दूसरे कार्यकाल में स्थानीय विनिर्माण पर जोर दे रहे ट्रंप ने कहा कि एप्पल ‘अमेरिका में अपना उत्पादन बढ़ाएगी.’ कतर की राजधानी दोहा में ट्रंप के बयान के तुरंत बाद, भारत सरकार के अधिकारियों ने एप्पल के अधिकारियों से बात की. उन्होंने भारत के प्रशासनिक अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि भारत के लिए एप्पल की निवेश योजनाएं बरकरार हैं और कंपनी भारत को अपने उत्पादों के लिए एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखती है.

अमेरिकी के राष्ट्रपति ने दोहा में व्यापार गोलमेज सम्मेलन में कहा कि उन्हें एप्पल के सीईओ टिम कुक के साथ ”थोड़ी समस्या है. मैंने कुक से कहा है कि मैं नहीं चाहता कि आप भारत में आईफोन बनाएं.’ ट्रंप ने कहा, “मैंने उनसे (कुक) कहा कि मेरे मित्र, मैं आपके साथ बहुत अच्छा व्यवहार कर रहा हूं. आप 500 अरब डॉलर लेकर आ रहे हैं, लेकिन अब मैं सुन रहा हूं कि आप भारत में विनिर्माण कर रहे हैं. मैं नहीं चाहता कि आप भारत में विनिर्माण करें. यदि आप भारत का ख्याल रखना चाहते हैं तो आप भारत में विनिर्माण कर सकते हैं.” इसी वर्ष एप्पल ने अगले चार साल में अमेरिका में 500 अरब डॉलर खर्च करने का वादा किया था.

कुक के साथ विचार-विमर्श के परिणामस्वरूप ट्रंप ने कहा कि एप्पल ‘अमेरिका में अपना उत्पादन बढ़ाएगी.’ उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया. इस संबंध में एप्पल को ई-मेल के जरिये भेजे गये सवालों का फिलहाल कोई जवाब नहीं मिला है. हालांकि, सूत्रों ने कहा कि भारतीय अधिकारियों ने ट्रंप के बयान पर एप्पल से बात की है.

सूत्र ने कहा, “एप्पल ने आश्वस्त किया है कि भारत में उसकी निवेश योजनाएं बरकरार हैं और भारत उसके उत्पादों के लिए एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र होगा.” सस्ते कुशल श्रम और सटीक इंजीनियरिंग उत्पाद आपूर्ति शृंखलाओं की उपलब्धता ने एप्पल को आईफोन के विनिर्माण के लिए चीन और भारत की ओर आर्किषत किया है. इसकी तुलना में अमेरिकी श्रम और विनिर्माण महंगा है. ट्रंप ने सुझाव दिया कि एप्पल भारतीय बाजार के लिए भारत में अपने उत्पाद बना सकती है. लेकिन अमेरिका में बेचे जा रहे ‘मेड इन इंडिया’ (भारत में विनिर्मित) आईफोन को रोकना होगा.

उन्होंने कहा, “आप चाहें तो भारत में विनिर्माण कर सकते हैं, ताकि भारत का ख्याल रखा जा सके.” कुक ने पहले कहा था कि एप्पल जून तिमाही में अमेरिका में बेचे जाने वाले अधिकांश आईफोन भारत से खरीदेगा, जबकि शुल्क पर अनिश्चितता के बीच चीन अन्य बाजारों के लिए अधिकांश उपकरण बनाएगा.

कतर में ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाक में तनाव ‘खत्म करने में मदद’ का दावा किया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव “खत्म करने में मदद” की. कतर में अल-उदीद वायुसेना अड्डे पर अमेरिकी सैनिकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, “…वैसे तो मैं यह नहीं कहना चाहता कि मैंने ऐसा किया, लेकिन मैंने पिछले हफ्ते पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव खत्म करने में निश्चित रूप से मदद की, जो लगातार बढ़ता जा रहा था.”

उन्होंने कहा कि अचानक आपको अलग तरह की मिसाइल (दोनों देश­ों में तनाव) नजर आती हैं. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इसे (तनाव को) खत्म करने में मदद की. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि जब मैं दो दिन बाद यहां से जाऊंगा तो मुझे यह सुनने को नहीं मिलेगा कि यह बरकरार है, हालांकि मुझे लगता है कि समाधान हो चुका है.” पिछले शनिवार के बाद से यह छठी बार है, जब ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका की मध्यस्थता में भारत और पाकिस्तान “संघर्ष-विराम” के लिए राजी हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu