दिल्ली में दो बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Mar 2025 08:39 PM
दिल्ली में दो बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पूर्वी दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे दो संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. उसने बताया कि यह कार्रवाई अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें निर्वासित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई. उसने बताया कि हिरासत में ली गई आतिफा (24) और आसमा (24) बांग्लादेश में क्रमश: फरीदपुर और नरसिंगडी की रहने वाली हैं. पुलिस के अनुसार इन दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर नदी मार्ग से भारत में अवैध रूप से प्रवेश किया था.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ”बाद में वे दिल्ली में लगातार ठिकाने बदलती रहीं, ताकि उन्हें पकड़ा न जा सकें. ” उन्होंने कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने सत्यापन अभियान चलाया और मंडावली इलाके में कई स्थानों पर छापेमारी की जिसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया.

इन दोनों महिलाओं की उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया विदेशियों के क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के माध्यम से की जा रही है. अधिकारी के अनुसार पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कोलकाता के रास्ते भारत में प्रवेश किया और फिर ट्रेन से दिल्ली पहुंचीं.

अधिकारी के मुताबिक पुलिस अब उन लोगों का पता लगाने में जुटी है जिन्होंने इन महिलाओं को देश में प्रवेश कराने और शरण देने में मदद की. अधिकारी ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान पिछले साल नवंबर में शुरू किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu