झारखंड में एनटीपीसी परिचालित मालगाड़ियों की टक्कर में दो चालकों की मौत

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 07:37 PM
झारखंड में एनटीपीसी परिचालित मालगाड़ियों की टक्कर में दो चालकों की मौत
ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड के साहिबगंज जिले में मंगलवार तड़के दो मालगाड़ियों के बीच टक्कर हो जाने के कारण दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी राष्ट्रीय तापविद्युत निगम लिमिटेड (एनटीपीसी) द्वारा परिचालित दो मालगाड़ियों के बीच बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह के पास तड़के करीब तीन बजे टक्कर हुई. जिस पटरी पर यह हादसा हुआ, वह भी एनटीपीसी की है और उसका इस्तेमाल मुख्य रूप से उसके बिजली संयंत्रों में कोयला पहुंचाने के लिए किया जाता है.

साहिबगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) किशोर तिर्की ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”दो मालगाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर में उनके चालकों की मौत हो गई.” पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मालगाड़ी और पटरी दोनों ही एनटीपीसी की हैं. इसका भारतीय रेल से कोई लेना-देना नहीं है.” जिस रेलवे लाइन पर दुर्घटना हुई, वह बिहार के भागलपुर जिले में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के ‘कहलगांव सुपर थर्मल पावर स्टेशन’ को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में फरक्का विद्युत संयंत्र से जोड़ती है. इसे सामान्यत? एनटीपीसी लालमटिया एमजीआर के नाम से जाना जाता है.

रेलवे ने एक बयान में कहा, ”एनटीपीसी ने मालदा मंडल से मदद मांगी है और पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल से एक बड़ी क्रेन भेजने का आग्रह किया गया है और इसकी व्यवस्था साहिबगंज से की गई है.” बयान में कहा गया है, ”भारतीय रेल एनटीपीसी अधिकारियों को हर संभव मदद दे रही है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital