चंडीगढ़. पंजाब पुलिस ने फाजिल्का जिले में सीमा पार तस्करी का प्रयास विफल करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान ‘लखमीर के उत्तर’ गांव के सुबेग सिंह और मानसा गांव के संदीप सिंह उर्फ सीमा के रूप में की गयी है.
यादव ने बताया कि एक गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तान के तस्कर ड्रोन की मदद से हेरोइन की खेप सीमा के इस पार गिरायेंगे तथा ये दोनों (आरोपी) उसे लेने आयेंगे. उन्होंने बताया कि इस सूचना के आधार पर राज्य विशेष अभियान इकाई के दलों ने रानो गांव के समीप सघन अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि पुलिस दल को देख दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल से भागने की चेष्टा की, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया.
पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों के पास से हेरोइन के 10 पैकेट मिले हैं, जिसका कुल वजन 20 किलोग्राम है. फाजिल्का के सहायक पुलिस महानिरीक्षक लखबीर सिंह ने बताया कि इस बात का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि कुछ और लोग तो इस मादक पदार्थ आपूर्ति शृंखला में शामिल नहीं थे. उन्होंने कहा कि और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि स्वपाक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.