कानपुर में एलपीजी सिलेंडर लदे ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों की मौत

कानपुर: कानपुर जिले के कल्याणपुर इलाके में एलपीजी सिलेंडर लदे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो दोस्तों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। मृतकों की पहचान मसवानपुर-रावतपुर निवासी सचिन वाल्मीकि (25) और उसके दोस्त सूरज (35) के रूप में हुई है।

पुलिस को बताया कि दोनों शुक्रवार रात करीब आठ बजे मोटरसाइकिल से पनकी की ओर जा रहे थे तभी एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे ट्रक ने आगे निकलने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहियों के नीचे आ गए।

सहायक पुलिस आयुक्त (कल्याणपुर) दिलीप कुमार ंिसह ने बताया कि दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा, “दुर्घटना के बाद ट्रक चालक कथित तौर पर मौके से भाग गया, लेकिन स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने पनकी नहर के पास उसे रोक लिया। ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।” पुलिस ने मोटरसाइकिल और वाहन के पंजीकरण संबंधी विवरण के आधार पर मृतकों की पहचान की और उनके परिजनों को सूचना दी। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

सचिन के भाई नितिन ने बताया कि परिवार में सबसे छोटा सचिन एक निजी कंपनी में काम करता था और करीब तीन महीने पहले उसकी सोनी से शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम वह सूरज के साथ घर से यह कहकर निकला था कि दोनों पनकी जा रहे हैं। बाद में दोनों परिवारों ने ट्रक चालक के खिलाफ कल्याणपुर पुलिस को लिखित शिकायत दी। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button