मुंबई में अभिनेत्री और उसकी मां को ठगने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Apr 2023 09:14 PM
मुंबई में अभिनेत्री और उसकी मां को ठगने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री और उसकी मां को ठगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि अभिनेत्री को कथित तौर पर हॉलीवुड वेब सीरीज में किरदार दिलाने का वादा कर ‘आॅडीशन’ के नाम पर संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह भेजा गया, जहां उसे बाद में कथित मादक पदार्थ के मामले में पकड़ लिया गया. वहीं उसकी मां को संपत्ति (रीयल एस्टेट) के सौदे में भारी कमीशन का वादा कर ठगा गया.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने सोमवार को रवि बोभते और एंटनी पॉल को गिरफ्तार किया. पॉल ने अभिनेत्री की मां प्रमिला परेरा (56) को हैदराबाद में संपत्ति (रीयल एस्टेट) के सौदों में भारी कमीशन देने का वादा किया था. अधिकारी ने बताया कि प्रमिला के अपराध शाखा में शिकायत करने के बाद यह मामला सामने आया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी क्रिसन को हॉलीवुड वेब सीरीज में किरदार दिलाने के नाम पर ठगा गया. शिकायत के मुताबिक आरोपी बोभते ने खुद को वेब सीरीज ‘फाइनेंसर’ बताया और प्रमिला से कहा कि वह भारत तथा संयुक्त अरब अमीरात के बीच एक ‘प्रोजेक्ट’ पर काम कर रहा है.

शिकायत के अनुसार, बोभते ने क्रिसन को एक किरदार निभाने का प्रस्ताव दिया. क्रिसन ंिहदी वेब सीरीज, फिल्मों तथा नाटकों में काम कर चुकी हैं. अधिकारी ने बताया कि प्रमिला ने इस प्रस्ताव पर अपनी बेटी के साथ चर्चा की और आरोपी के साथ मुलाकात के बाद तय हुआ कि क्रिसन ‘आॅडीशन’ के लिए विदेश जाएगी.

उन्होंने बताया कि अभिनेत्री को दुबई जाना था लेकिन उसका विमान टिकट एक अप्रैल को मुंबई से शारजाह के लिए लिया गया. उसे तीन अप्रैल को वापस आना था. उन्होंने बताया कि इसी बीच प्रमिला संपत्ति का सौदा करने के लिए पॉल के साथ हैदराबाद गई.
अधिकारी ने बताया कि जब प्रमिला हैदराबाद में थी तब उन्हें फोन आया कि उनकी बेटी शारजाह में अफीम और गांजे के साथ पकड़ी गई हैं.

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रशासन ने इस मामले की सूचना भारतीय दूतावास को दी जिसने मुंबई पुलिस को सूचित किया.
अधिकारी ने बताया कि पॉल ने प्रमिला से कहा कि शारजाह में उसकी बड़ी जान-पहचान है और क्रिसन की मदद के लिए उनसे 80 लाख रुपये मांगे. इससे प्रमिला को एहसास हुआ कि उन्हें और उनकी बेटी को ठगा गया है और उन्होंने अपराध शाखा में शिकायत की.
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि पॉल और बोभते ने मिलकर मां-बेटी को ठगने की साजिश रची थी. उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu