सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी मामले में पंजाब में दो लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Apr 2024 09:15 PM
सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी मामले में पंजाब में दो लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुंबई में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हाल में हुई गोलीबारी के संबंध में मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को पंजाब में दो लोगों को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुभाष चंद्र (37) और अनुज थापन (32) ने गोलीबारी करने वालों को 15 मार्च को हथियार उपलब्ध कराए थे. अधिकारी ने बताया कि दोनों को अपराध शाखा की एक टीम ने पंजाब से गिरफ्तार किया और उन्हें मुंबई लाया जा रहा है.

अधिकारी ने बताया, ”उन्हें शुक्रवार को यहां एक अदालत में पेश किया जाएगा. चंद्र और थापन 15 मार्च को दो देशी पिस्तौल और 38 कारतूस सौंपने के लिए पनवेल (मुंबई के पास रायगढ़ जिले में) आए थे.” अधिकारी ने बताया, ”चंद्र और थापन लौटने से पहले तीन घंटे तक गोलीबारी करने वालों सागर पाल (21) और विक्की गुप्ता (24) के साथ पनवेल में रुके थे. पिस्तौल सौंपने से पहले, चंद्र और थापन ने यह जांचने के लिए अपने पास उपलब्ध 40 गोलियों में से दो राउंड गोलीबारी की थी कि हथियार काम कर रहा है.”

इस बीच, मुंबई की एक अदालत ने खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार दो लोगों की पुलिस हिरासत 29 अप्रैल तक बढ़ा दी. बिहार के रहने वाले आरोपी विक्की गुप्ता और सागर पाल को उनकी पिछली हिरासत बृहस्पतिवार को समाप्त होने के बाद यहां मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया.

गुप्ता और पाल 14 अप्रैल की सुबह बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के आवास के बाहर गोलीबारी के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे. आरोपियों को 16 अप्रैल को गुजरात के कच्छ जिले के माता नो मध गांव से पकड़ा गया था. बाद में, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने के लिए एक तलाशी अभियान के दौरान गुजरात में तापी नदी से दो पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां बरामद कीं. मुंबई पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को भी मामले में ”वांछित आरोपी” घोषित किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu