कोटा में धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में विदेशी नागरिक सहित दो हिरासत में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 08:54 PM
कोटा में धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में विदेशी नागरिक सहित दो हिरासत में
ऑडियो सुनें

कोटा. राजस्थान के कोटा जिले के मोतीपुरा गांव में अवैध धर्मांतरण गतिविधियों में लिप्त होने की बजरंग दल के सदस्यों की शिकायत पर एक अमेरिकी नागरिक सहित दो व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान जॉय मैथ्यू और उसके दामाद कॉलिन मिशेल के रूप में हुई है. मिशेल अमेरिकी नागरिक है, जबकि जॉय स्थानीय निवासी.

कोटा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि मिशेल के खिलाफ विदेशी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई संयुक्त पूछताछ प्रकोष्ठ की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. उन्होंने बताया कि फिलहाल, दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में ले लिया गया है. बजरंग दल के प्रांतीय समन्वयक योगेश रेनवाल ने बताया कि सोमवार शाम एक ग्रामीण ने हिन्दू हेल्पलाइन पर कॉल कर गांव में धर्मांतरण की सूचना दी थी.

रेनवाल के अनुसार, जब वे दल के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि चरण चौकी पर भील समुदाय के लगभग 50 पुरुष, महिलाएं और बच्चे एकत्र थे. उन्होंने आरोप लगाया कि वहां हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं. उन्होंने कहा कि इसके बाद वहां उपस्थित लोगों को ‘क्रॉस’ वाले लॉकेट बांटे गए और उनके लिए मांसाहारी भोजन तैयार किया जा रहा था.

बजरंग दल ने कैंथून पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) राजेश ढाका ने कहा, ”घटना और बजरंग दल कार्यकर्ताओं की संबंधित शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने पूछताछ के लिए जॉय मैथ्यू और कॉलिन मिशेल नामक दो लोगों को हिरासत में लिया है.” उन्होंने बताया कि मिशेल अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ मोतीपुरा गांव में थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu