यूएई: रब्बी की हत्या मामले में तीन उज्बेकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Nov 2024 07:35 PM
यूएई: रब्बी की हत्या मामले में तीन उज्बेकिस्तानी नागरिक गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

दुबई. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने सोमवार को कहा कि पुलिस ने एक इजराइली-मॉल्डोवियाई रब्बी (धर्मगुरु) की हत्या के लिए उज्बेकिस्तान के तीन नागरिकों को गिरफ्तार किया है. देश के गृह मंत्रालय के बयान में ज्वी कोगन की हत्या का कोई कारण नहीं बताया गया है. दुबई में एक दुकान के मालिक रब्बी ज्वी कोगन (28) बृहस्पतिवार को लापता हो गए थे. साल 2020 में अब्राहम समझौता होने के पश्चात इजराइल और यूएई के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से इजराइली व्यापार और पर्यटन के लिए दुबई का रुख कर रहे हैं.

गृह मंत्रालय के बयान में तीनों व्यक्तियों की पहचान ओलम्पी तोहिरोविक (28), महमूद जॉन अब्दुल रहीम (28) और अजीजी कामिलोविक (33) के रूप में की गई है. सरकारी डब्ल्यूएएम समाचार एजेंसी ने तीनों व्यक्तियों की तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें उनके चेहरे धुंधले हैं. इसने यह नहीं बताया कि इन व्यक्तियों के खिलाफ. आरोप दायर किए गए हैं या नहीं.

यह तुरंत स्पष्ट नहीं हुआ है कि तीनों व्यक्तियों के पास यूएई में वकील हैं या नहीं. दुबई में उज्बेकिस्तानी वाणिज्य दूतावास ने गिरफ़्तारियों के बारे में टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया. अज्ञात सुरक्षा अधिकारियों का हवाला देते हुए, इजराइली मीडिया ने आरोप लगाया था कि कोगन की हत्या में उज्बेकिस्तानी शामिल थे. उज्बेकिस्तानी पहले भी असंतुष्टों और अन्य लोगों को निशाना बनाने वाली ईरानी साजिशों में शामिल रहे हैं.

हमास और हिजबुल्लाह का समर्थन करने वाला ईरान भी अक्टूबर में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल हमले के जवाब में इजराइल द्वारा किए गए हवाई हमलों के बाद इजराइल के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की धमकी दे रहा है. अबू धाबी में ईरान के दूतावास ने इस बात से इनकार किया कि तेहरान रब्बी की हत्या में शामिल है. हालांकि यूएई के बयान में ईरान का उल्लेख नहीं किया गया, लेकिन पूर्व में ईरानी खुफिया सेवाओं ने यूएई में अपहरण की घटनाओं को अंजाम दिया है. पश्चिमी देशों के अधिकारियों का मानना है कि ईरान यूएई में खुफिया अभियान चलाता है और देशभर में रहने वाले लाखों ईरानियों पर नज.र रखता है.

ईरान पर 2013 में दुबई में ब्रिटिश ईरानी नागरिक अब्बास यज़्दी का अपहरण करने और बाद में उसकी हत्या करने का संदेह है, हालांकि तेहरान ने इसमें संलिप्तता से इनकार किया है. दुबई के व्यस्त अल वसल रोड पर स्थित कोगन द्वारा प्रबंधित स्टोर रिमोन मार्केट रविवार को बंद रहा. क्षेत्र में जारी युद्धों के मद्देनजर स्टोर को फलस्तीनी समर्थकों द्वारा ऑनलाइन विरोध प्रदर्शनों में निशाना बनाया गया है.

कोगन की पत्नी रिवकी एक अमेरिकी नागरिक हैं जो उनके साथ संयुक्त अरब अमीरात में रहती थीं. वह रब्बी गैवरियल होल्ट्जबर्ग की भतीजी हैं, जो 2008 के मुंबई हमलों में मारे गए थे. रविवार को एक बयान में, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता सीन सेवेट ने कोगन की हत्या को ”शांति, सहिष्णुता और सह-अस्तित्व के लिए खड़े सभी लोगों के खिलाफ एक भयानक अपराध” बताया. उन्होंने कहा, ”हम संयुक्त अरब अमीरात में रब्बी ज्वी कोगन की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और हम उनके परिवार, चबाड-लुबाविच समुदाय, व्यापक यहूदी समुदाय के प्रति संवेदना जताते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu