कांग्रेस के पिछलग्गू बने उद्धव ठाकरे, हिंदुत्व विरोधियों के लिये बिछा रहे कालीन: शिवेसना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 31 Aug 2023 08:52 PM
कांग्रेस के पिछलग्गू बने उद्धव ठाकरे, हिंदुत्व विरोधियों के लिये बिछा रहे कालीन: शिवेसना
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना के सांसद गजानन कीर्तिकर ने बृहस्पतिवार को शिवसेना (यूटीबी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह कांग्रेस के पिछलग्गू बन गए हैं और यहां विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक की मेजबानी करते हुए उन लोगों के लिए कालीन बिछा रहे हैं जिन्होंने हिंदुत्व विरोधी रुख अपनाया है.

राज्य में शिवसेना के मंत्री दीपक केसरकर के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते उत्तर पश्चिम मुंबई से सांसद कीर्तिकर ने यह भी दावा किया कि विचारधारा को लेकर विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ में एक “विरोधाभास” है. ‘इंडिया’ के नेता 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए अपनी साझा रणनीति तैयार करने के सिलसिले में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को तीसरी बैठक के लिए मुंबई में एकत्र हो रहे हैं.

महा विकास आघाड़ी में शामिल दल शिवसेना (यूटीबी), कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) मुंबई में ‘इंडिया’ गठबंधन की तीसरी बैठक की मेजबानी कर रहे हैं. केसरकर ने कहा कि विपक्षी गुट में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर अब भी कोई स्पष्टता नहीं है. उन्होंने दावा किया, जिस दिन विपक्ष अपना प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित कर देगा, विपक्षी एकता बिखर जाएगी.

कीर्तिकर ने दावा किया, ”बालासाहेब ठाकरे ने हिंदुत्व के आधार पर शिवसेना का गठन किया था, लेकिन उद्धव ठाकरे कांग्रेस के पिछलग्गू हो गए हैं.” कीर्तिकर ने कहा कि जब कांग्रेस नेताओं ने हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर को “माफीवीर” कहा तो शिव सेना (यूबीटी) के नेताओं ने कोई सवाल नहीं पूछा और इसके बजाय आदित्य ठाकरे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाग लिया.

उन्होंने कहा, ” एक मुख्यमंत्री (समाजवादी पार्टी के प्रमुख दिवंगत मुलायम सिंह यादव का संदर्भ) जिन्होंने सरयू नदी के तट पर कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश दिया था और लालू प्रसाद जिन्होंने लालकृष्ण आडवाणी की रथयात्रा रोकी थी…उद्धव ठाकरे उनके लिए कालीन बिछाने जा रहे हैं.” मुलायम सिंह के बेटे और समाजवादी पार्टी के वर्तमान प्रमुख अखिलेश यादव यहां ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में भाग लेने वाले हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu