इंफाल. मणिपुर की राजधानी इंफाल के न्यू लाम्बुलाने इलाके में रविवार दोपहर अज्ञात लोगों ने खाली पड़े तीन मकानों में आग लगा दी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया. अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद, लोग मौके पर एकत्र हो गए और इलाके में तैनात राज्य और केंद्रीय सुरक्षा बलों से उन्हें क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति देने की मांग की.
उन्होंने बताया कि बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले दागे. पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में, अज्ञात लोगों ने शनिवार देर रात करीब दो बजे पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक के. राजो के आवास की सुरक्षा में तैनात सुरक्षार्किमयों से तीन हथियार छीन लिये.
पुलिस ने बताया कि घटना इंफाल पश्चिम जिले में इंफाल थाना क्षेत्र के सगोलबंद बिजॉय गोविंदा इलाके में हुई. उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों ने सुरक्षार्किमयों से एके सीरीज की दो राइफलें और एक कार्बाइन छीन ली. अधिकारियों ने बताया कि घटना की वजह रही परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. इस बीच, पुलिस ने हथियार बरामद करने और इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के लिए कई अभियान शुरू किए हैं.