केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में सुरक्षाबलों के कमांडरों और जवानों से बातचीत की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Jun 2025 09:59 PM
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर में सुरक्षाबलों के कमांडरों और जवानों से बातचीत की
ऑडियो सुनें

रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को बस्तर क्षेत्र में प्रमुख नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षाबलों के कमांडरों और जवानों से बातचीत की. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह जानकारी दी. साय ने यहां स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं को बताया, ”केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने नवा रायपुर में सुरक्षाबलों के कमांडरों और जवानों से बातचीत की, जो बस्तर क्षेत्र में हाल में प्रमुख नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल थे. इनमें वे जवान भी थे जिन्होंने भाकपा (माओवादी) के महासचिव बसवराजू को मार गिराया था.” ‘संकल्प – बल के कमांडरों और कमांडो के साथ बातचीत’ नामक इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

मुख्यमंत्री ने बताया कि बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने सुरक्षा र्किमयों की प्रशंसा की. उन्होंने बताया कि इससे पहले शाह नारायणपुर में सुरक्षाबलों के एक शिविर का दौरा कर वहां जवानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करने वाले थे, लेकिन क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण यह दौरा नहीं हो सका. साय ने बताया कि वह मंगलवार को गृह मंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे.

उन्होंने बताया कि मध्य क्षेत्रीय परिषद में चार राज्य छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश शामिल हैं. छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में राष्ट्रीय न्यायालयिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) परिसर और केंद्रीय न्यायालयिक प्रयोगशाला की आधारशिला रखी. उन्होंने रायपुर में एनएफएसयू के ट्रांजिट (अस्थायी) परिसर का भी वर्चुअल उद्घाटन किया. रविवार शाम को उन्होंने नक्सलवाद पर सुरक्षा संबंधी दो प्रमुख बैठकों की अध्यक्षता की.

अधिकारियों ने बताया कि शाह ने पहले नक्सलवाद पर छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड और उड़ीसा के पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अंतर-राज्यीय सुरक्षा समन्वय बैठक की अध्यक्षता की. बाद में उन्होंने छत्तीसगढ़ में वामपंथी उग्रवाद की स्थिति पर समीक्षा बैठक की.
शाह ने रविवार को कहा कि नक्सलियों को मानसून के दौरान आराम नहीं मिलेगा क्योंकि उनके खिलाफ अभियान बारिश के दौरान भी जारी रहेगा.

उन्होंने नक्सलियों से बातचीत से इनकार करते हुए उनसे आत्मसमर्पण करने और विकास की यात्रा में शामिल होने की अपील की.
पिछले वर्ष जनवरी से, राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 400 से अधिक माओवादियों को मार गिराया है. इनमें 21 मई को बस्तर में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के महासचिव नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू (70) भी शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu