टैरिफ पर ट्रंप के नए फैसले से अमेरिकी शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल

Author: navabharat digital
UPDATED: Thu, 10 Apr 2025 12:55 PM
टैरिफ पर ट्रंप के नए फैसले से अमेरिकी शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल
ऑडियो सुनें

अमेरिका: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 9 अप्रैल बुधवार को वैश्विक व्यापार के मोर्चे पर बड़ा फैसला लेते हुए अधिकांश देशों पर लगाए गए टैरिफ को 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया. इस फैसले के तुरंत बाद वॉल स्ट्रीट के प्रमुख इंडेक्सों में जोरदार तेजी आई और निवेशकों को बड़ी राहत मिली.

हालांकि, ट्रंप ने चीन पर टैरिफ और बढ़ा दिए, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध की आशंका फिर गहराने लगी है.

ट्रंप के घोषणा के बाद S&P 500 में 474.13 अंकों की बढ़त (9.52%) दर्ज हुई और यह 5,456.90 पर बंद हुआ. वहीं Nasdaq Composite में 1,857.06 अंकों की बढ़त (12.16%) हुई और यह 17,124.97 पर बंद हुआ और Dow Jones Industrial Average में 2,962.86 अंकों की उछाल (7.87%) आई और यह 40,608.45 पर बंद हुआ. इस दौरान वॉलमार्ट के शेयरों में 8% की वृद्धि हुई.

बॉन्ड बाजार में उतार-चढ़ाव

हालांकि शेयर बाजारों में रौनक रही, बॉन्ड बाजार में अस्थिरता देखी गई. अमेरिका के 10-वर्षीय ट्रेजरी नोट की नीलामी $39 बिलियन की हुई, जिसमें ब्याज दर 4.435% रही-यह अपेक्षाओं से थोड़ी कम थी, जिससे मजबूत निवेश मांग का संकेत मिला. इसके बावजूद, 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड अंततः 4.370% रही. ट्रेडर्स ने ‘सेफ हेवन’ माने जाने वाले यूएस ट्रेजरी को बेचकर नकदी में जाने को प्राथमिकता दी, जिससे यील्ड में बढ़त आई.

बॉन्ड जैसे माने जाने वाले रियल एस्टेट (.SPLRCR) और यूटिलिटी (.SPLRCU) सेक्टर्स में भी नुकसान की भरपाई हुई और दोनों क्रमशः 5% और 3.2% की बढ़त पर बंद हुए.

चीन के खिलाफ अमेरिका का बड़ा कदम

अमेरिका-चीन व्यापार तनाव के बीच ट्रंप का यह अब तक का सबसे आक्रामक कदम माना जा रहा है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “चीन ने विश्व बाजारों के प्रति जो असम्मान दिखाया है, उसके जवाब में अमेरिका अब 125% शुल्क वसूलेगा. चीन को यह समझना होगा कि अमेरिका और अन्य देशों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.”

इससे पहले चीन ने भी बुधवार को पलटवार करते हुए अमेरिका से आयात होने वाले उत्पादों पर टैक्स बढ़ाकर 84 प्रतिशत कर दिया, जो पहले 34 प्रतिशत था. चीन के विदेश मंत्रालय ने इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि वह अपने वैध अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए ठोस और मजबूत कदम उठाएगा.

अमेरिका के इस टैरिफ अभियान में भारत समेत 75 देशों को फिलहाल राहत मिली है. इन देशों पर नई टैरिफ दरें लागू नहीं होंगी और उन्हें 90 दिनों की छूट दी गई है. इस अवधि में उन पर केवल 10% शुल्क लगेगा. अमेरिकी ट्रेजरी सचिव बेसेंट ने कहा कि जो देश अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई से बचे हैं, उन्हें इसका इनाम मिलेगा. उन्होंने बताया कि मेक्सिको और कनाडा को 10% टैरिफ स्लैब में शामिल किया गया है, जिससे उन्हें राहत मिलेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital