उपराष्ट्रपति धनखड़, प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को केंद्रीय कक्ष में समारोह का नेतृत्व करेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Sep 2023 10:27 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला देश की समृद्ध संसदीय विरासत को याद करने और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने के लिए मंगलवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में एक समारोह का नेतृत्व करेंगे.

समारोह को वरिष्ठ सांसदों के साथ-साथ संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल, उच्च सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी भी संबोधित करेंगे. जिन वरिष्ठ सांसदों से संपर्क किया गया है, उनमें लोकसभा सदस्य मेनका गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री और राज्यसभा सदस्य मनमोहन सिंह तथा दोनों सदनों के सदस्य रह चुके शिबू सोरेन शामिल हैं.

करीब डेढ. घंटे का यह समारोह राष्ट्रगान के साथ शुरू और खत्म होगा तथा इसके बाद शीर्ष नेता सभी सांसदों को नए संसद भवन तक ले जाएंगे. केंद्रीय कक्ष के समारोह से पहले तीन अलग-अलग समूह की तस्वीरें पुराने संसद भवन के प्रांगण में ली जाएंगी. पहली तस्वीर राज्यसभा और लोकसभा दोनों के सदस्यों की, दूसरी राज्यसभा सदस्यों की और तीसरी लोकसभा सदस्यों की होगी.
नए भवन में लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न 1.15 बजे शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक अपराह्न 2.15 बजे होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu