लखनऊ. लखनऊ के एक प्राथमिक विद्यालय के अंदर जुमे को कुछ बच्चों द्वारा कथित तौर पर नमाज पढ़ने के मामले में स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया तथा दो अन्य को चेतावनी दी गई है. लखनऊ के बेसिक शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार ने रविवार को बताया कि लखनऊ के बेसिक शिक्षा नगर क्षेत्र-चार में स्थित प्राथमिक विद्यालय, नेपियर रोड में पिछले शुक्रवार को अज्ञात व्यक्तियों ने अध्यापिकाओं द्वारा विद्यालय परिसर में कुछ बच्चों को जुमे की नमाज पढ़ने की अनुमति दिए जाने की शिकायत की थी.
उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी से इस मामले की जांच कराई गई थी जिसमें आरोप की पुष्टि हुई थी. जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका मीरा यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही विद्यालय की सहायक अध्यापिका तहजीब फातिमा और शिक्षामित्र ममता मिश्रा को भी मामले में दोषी मानते हुए उनके खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की गयी है.
स्कूल में बच्चों के नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया था. इस मामले को लेकर कुछ हिंदू संगठनों ने शनिवार को स्कूल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था. इसके बाद प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए थे. इस मामले में निलंबित प्रधानाध्यापिका से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया.