
नयी दिल्ली/चेन्नई/जींद. विपक्षी दलों ने महिला पहलवान विनेश फोगाट के ओलंपिक स्पर्धा से अयोग्य घोषित किए जाने के पीछे ‘षड्यंत्र’ की आशंका जताई और सवाल किया कि अचानक फाइनल मुकाबले से पहले उनका वजन 100 ग्राम कैसे बढ.ा तथा सरकार स्तर पर क्या किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सिर्फ ‘एक्स’ पर पोस्ट कर देने से काम नहीं चलेगा और देश की बेटी को न्याय मिलना चाहिए. विपक्षी दलों के सदस्यों ने संसद के दोनों सदनों से वाकआउट भी किया. विनेश फोगाट को महिलाओं की 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा के फाइनल से पहले वजन अधिक पाए जाने के कारण बुधवार को ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया.
विनेश ने ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनकर इतिहास रचा था. उन्हें आज देर रात स्वर्ण पदक का मुकाबला खेलना था . खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को लोकसभा को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट के प्रतियोगिता से बाहर होने के मामले में भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को जरूरी कार्रवाई के लिए कहा है. उनके जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने वाकाउट किया तथा संसद भवन के मकर द्वार पर नारेबाजी की.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विनेश के मामले को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”विश्वविजेता पहलवानों को हराकर फाइनल में पहुंचीं भारत की शान विनेश फोगाट का तकनीकी आधार पर अयोग्य घोषित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. हमें पूरी उम्मीद है कि भारतीय ओलंपिक संघ इस निर्णय को मजबूती से चुनौती देकर देश की बेटी को न्याय दिलाएगा.” उन्होंने कहा कि विनेश हिम्मत हारने वालों में से नहीं हैं तथा पूरा भरोसा है कि वह अखाड़े में और अधिक मजबूती से वापसी करेंगी.
राहुल गांधी ने कहा, ”आपने हमेशा देश को गौरवान्वित किया है विनेश. आज भी पूरा देश आपकी ताक.त बनकर आपके साथ खड़ा है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”इस मुश्किल समय में करोड़ों देशवासी उसी उत्साह के साथ आपके (विनेश) साथ खड़े हैं, जैसा पूरी स्पर्धा के दौरान थे. मेरी बहन, खुद को अकेले मत समझना और याद रखना कि आप हमारी चैम्पियन थीं और आप हमेशा हमारी चैम्पियन रहेंगी. मुझे पूरा भरोसा है कि आप और ज्यादा मजबूत तरीके से वापसी करेंगी. ढेर सारा प्यार.” कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने दावा किया कि विनेश का अयोग्य किया जाना बहुत बड़ा ‘नफरती षड्यंत्र’ है.
सुरजेवाला ने दावा किया, ”पहले, कुश्ती संघ के अध्यक्ष, भाजपा के उस समय के (नरेन्द्र) मोदी जी के चहेते सांसद, बृजभूषण शरण सिंह ने देश की विश्व चैम्पियन बेटी को शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना से सताया, फिर भाजपाइयों ने देश की इस बेटी को जंतर मंतर की सड़कों पर पुलिस से घिसटवाया, फिर मोदी सरकार ने इस बेटी पर प्राथमिकी दर्ज करवाई. विनेश ने फिर भी कभी साहस, शौर्य व धैर्य नहीं गंवाया.” उन्होंने सवाल किया, ”कौन है जिसे विनेश फोगाट की जीत हज.म नहीं हुई ? किसने हरियाणा और देश की बेटी की पीठ में छुरा घोंपा ? किसने किया ताक.त का बेज.ा इस्तेमाल ? किसका चेहरा बचाने की हुई कोशिश ?”
सुरजेवाला ने कहा, ” हरियाणा व देश का बच्चा बच्चा विनेश के साथ है, हमारे लिए वह ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता है.” कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, ”यह चूक कहां हुई, किस स्तर पर हुई. इसको लेकर पूरे देश के मन में प्रश्न है. मंत्री जी के जवाब में कोई उत्तर नहीं मिला है. हम जवाब से संतुष्ट नहीं है.” समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले की ‘गहरी जांच-पड़ताल’ कराए जाने की मांग की.
अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”विनेश फोगाट के फाइनल में न खेल पाने के तकनीकी कारणों की गहरी जांच-पड़ताल हो और सुनिश्चित किया जाए कि सच्चाई क्या है और इसके पीछे की असली वजह क्या है.” हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि विनेश के मामले में ‘दाल में कुछ काला’ है.
उन्होंने कहा, ”मैं यह मानने को तैयार नहीं हूं कि किसी खिलाड़ी को यह पता नहीं होगा कि सुबह उसका क्या वजन होना चाहिए.” तृणमूल कांग्रेस की सांसद सुष्मिता देव ने कहा, ”प्रधानमंत्री एक ट्वीट करके समाधान नहीं कर सकते. विनेश फोगाट देश की गौरव हैं. मेरा तो यह विश्वास है कि यह एक षड्यंत्र है. वह तीन चरण की कुश्ती के बाद फाइनल तक पहुंचीं. ऐसा क्या हो गया कि फाइनल से पहले उनका वजन 100 ग्राम बढ. गया.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह भारत सरकार की गलती है.
विनेश फोगाट को अयोग्य ठहराना देश का ‘अपमान’, सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए: आप
आम आदमी पार्टी ने पहलवान विनेश फोगाट को ओलंपिक से अयोग्य ठहराए जाने को देश का “अपमान” बताते हुए कहा कि ”भारत सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे और अगर बात न मानी जाए तो ओलंपिक का बहिष्कार करे”. एक दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम में विनेश फोगाट को बुधवार को पेरिस में महिलाओं की 50 किलोग्राम स्पर्धा के फाइनल से पहले तय मानक से अधिक वजन पाए जाने के कारण ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया.
आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ये विनेश का नही देश का अपमान है विनेश फोगाट पूरी दुनिया में इतिहास रचने जा रही थी, उनको 100 ग्राम ओवरवेट दिखाकर अयोग्य घोषित करना घोर अन्याय है. पूरा देश विनेश के साथ खड़ा है, भारत सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे, अगर बात ना मानी जाए तो ओलंपिक का बहिष्कार करे.” आप के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कई लोग साजिश की ओर इशारा कर रहे हैं… इसके पीछे कौन हो सकता है…?”
विनेश को पेरिस ओलंपिक में अधिक वजन के कारण अयोग्य ठहराया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण: अन्नामलाई
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने बुधवार को भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक में अधिक वजन के कारण अयोग्य ठहराए जाने को ”बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इस घटना ने कुश्ती में देश से एक पदक छीन लिया है.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विनेश फोगाट के फाइनल में पहुंचने के कारण रजत पदक सुरक्षित हो गया था और वह स्वर्ण पदक जीत सकती थीं. अन्नामलाई ने फोगाट को अयोग्य करार दिये जाने के बारे में कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, इससे हमारा दिल भारी हो गया है.” भाजपा नेता ने कहा कि फोगाट ने कड़ी मेहनत की थी और अपना वजन कम किया था. उन्होंने बताया कि निर्जलीकरण के कारण अब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु सहित पूरा देश उनके साथ खड़ा है.
विनेश के साथ ‘साजिश’ हुई, सौ ग्राम वजन तो बाल कटवाने से कम हो जाता: सुसर राजपाल राठी
विनेश फोगाट के ससुर राजपाल राठी ने महिला पहलवान को ओलंपिक स्पर्धा से अयोग्य घोषित किए जाने में ‘साजिश’ की आशंका जताई और कहा 100 ग्राम वजन तो बाल कटवाने से ही कम हो जाता. राठी ने कहा कि विनेश का इस तरह से ओलंपिक से बाहर होना परिवार के लिए ‘बड़ा झटका’ है और यह गम इतना बड़ा है कि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है.
उन्होंने आरोप लगाया, ह्लओलंपिक में विनेश के साथ राजनीति की जा रही है. कुछ लोग पहले से उसके पीछे लगे हुए हैं कि किस तरह उसे हराया जाए.ह्व उन्होंने कहा, ह्लबेटी ने जिंदगी भर इस पल का इंतजार किया था और उसे साजिश रचकर खेल से बाहर निकाल दिया गया.ह्व राठी ने कहा कि अगर विनेश का वजन 100 ग्राम ज्यादा था तो 10 मिनट रुक के देखते, वह अपने बाल कटवा देती, लेकिन मुकाबले से बाहर नहीं होती.



