
नोएडा: फरीदाबाद के दो इलाकों में निजी कंपनी के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। पहले मामले में फरीदाबाद के सेक्टर-37 सराय ख्वाजा इलाके में मदरसन कंपनी के 500 से अधिक कर्मचारी कंपनी के बाहर सड़क पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं और सड़क पर बैठ गए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस के अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों व कंपनी प्रबंधन के बीच बात कराई जा रही है।
दूसरे मामले में सेक्टर-25 स्थित बीएमआर एचवीएसी लिमिटेड
कंपनी के 200 से अधिक कर्मचारी सड़क पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां भी एहतियात के तौर पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई जा रही है।
फरीदाबाद सेक्टर 37 में रोड जाम कर प्रदर्शन करते कर्मचारी
फरीदाबाद सेक्टर 37 एक मदरसन कंपनी में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर के रोड जाम कर कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शन के बीच ऑटो चालकों ने डबल किया किराया
गौतमबुद्ध नगर जिले में चल रहे कर्मचारियों के प्रदर्शन और जगह-जगह लगे जाम का असर अब आम लोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है। हालात का फायदा उठाते हुए कई ऑटो चालकों ने किराया दोगुना कर दिया है। जहां पहले ₹10 लिया जाता था, वहां अब ₹20 वसूले जा रहे हैं, जबकि ₹20 वाले रूट पर ₹40 तक मांगे जा रहे हैं।
ऑटो चालकों का कहना है कि जैसे कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वैसे ही उन्हें भी अपनी आय बढ़ाने का अधिकार है। वहीं, यात्रियों में इसको लेकर नाराजगी साफ दिख रही है। एक महिला यात्री ने बताया कि वह सुबह से ऑटो का इंतजार कर रही थीं, लेकिन अधिक किराया और कम ऑटो मिलने के कारण उन्हें ऑफिस पहुंचने में देरी हुई। ऐसे में रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन से राहत की उम्मीद की जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पूरी तरह जाम
इस प्रदर्शन के कारण नोएडा के कई इलाकों में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पूरी तरह जाम हो गया है। एनएच 9 पर बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटे हैं। सभी प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति है। नोएडा में औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले कई रास्तों को बंद किया गया है।
मदरसन कंपनी के पास करीब चार गाड़ियों में लगाई आग
प्रदर्शनकारियों ने मदरसन कंपनी के पास करीब चार गाड़ियों को किया आग के हवाले किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारी मजदूरों को तितर-बितर किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने पुलिस की गाड़ी को पलट दिया और उसमें आग लगा दी। उन्होंने पथराव भी किया।
फरीदाबाद-पलवल में सड़कों पर उतरे कर्मचारी
फरीदाबाद सेक्टर-37 सराय ख्वाजा इलाके में निजी कंपनी के 500 से अधिक कर्मचारी कंपनी के बाहर सड़क पर आकर प्रदर्शन कर रहे हैं। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारी कर रहे प्रदर्शन। पुलिस बल मौके पर पहुंचा। वहीं, पलवल में भी पृथला के पास साई ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने आगरा हाईवे जाम किया
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर नोएडा में हिंसक प्रदर्शन, फरीदाबाद-पलवल में भी भड़के कर्मी
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। पिछले तीन से चार दिनों से जारी इस विरोध प्रदर्शन ने सोमवार को उग्र रूप ले लिया, जब गुस्साए कर्मचारियों ने कई प्रमुख सड़कों पर जाम लगा दिया और यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया। फेज 2 में चल रहे प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव किया। आक्रोशित भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़े।



