केंद्रीय कृषि मंत्री के बेटे का वायरल वीडियो : ईडी दफ्तर के पास भारतीय युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, जांच की मांग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 09:36 PM
केंद्रीय कृषि मंत्री के बेटे का वायरल वीडियो : ईडी दफ्तर के पास भारतीय युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, जांच की मांग
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर के बेटे और एक ‘बिचौलिए’ के करोड़ों रुपये के लेनदेन पर चर्चा करने वाले एक कथित वीडियो को लेकर कार्रवाई की मांग करते हुए बुधवार को दिल्ली में ईडी कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया. तोमर के बेटे ने इस वीडियो को फर्जी करार दिया है.

हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ है, जिसमें देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर और एक ‘बिचौलिए’ को करोड़ों रुपये के लेनदेन के बारे में बात करते हुए कथित तौर पर दिखाया गया है. इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला तेज कर दिया है.

भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख बी वी श्रीनिवास ने कहा, ” केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे का एक वीडियो बुधवार को सामने आया जिसमें वह बिचौलियों के साथ करोड़ों रुपये के लेन-देन की बात कर रहा है. मंत्री का बेटा करोड़ों रुपये के सौदे कर रहा है और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) और आईटी (आयकर विभाग) तमाशा देख रहे हैं.”

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को भी इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. श्रीनिवास ने धनशोधन के तहत मामला दर्ज किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इसकी जांच उच्चतम न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश द्वारा की जानी चाहिए. पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान अवरोधकों को पार करने की कोशिश कर रहे कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu