लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कल 102 सीटों पर मतदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Apr 2024 07:43 PM
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में कल 102 सीटों पर मतदान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को मतदान शुरू होने के साथ ही विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनावी महाकुंभ का शंखनाद होने जा रहा है. पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान होगा. इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, सर्बानंद सोनोवाल और भूपेन्द्र यादव, कांग्रेस के गौरव गोगोई, द्रमुक की कनिमोई शामिल हैं. इसके साथ ही पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश (60 सीटें) और सिक्किम (32 सीटें) में विधानसभा चुनाव भी होंगे.

निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे शुरू हो कर शाम छह बजे तक चलेगा. आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान र्किमयों को तैनात किया है. इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं. 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं. इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) और अधिक सीटें जीतने के लिए प्रयास कर रहा है वहीं विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक 2014 और 2019 के चुनावों में लगातार हार के बाद वापसी की उम्मीद कर रहे हैं.

पहले चरण में जिन राज्यों की सभी सीटों पर मतदान होगा उनमें तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) शामिल हैं. इसके अलावा राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम और महाराष्ट्र में 5-5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर और छत्तीसगढ़ में एक-एक सीट पर मतदान होगा. पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार बुधवार शाम समाप्त हो गया.

इस चरण में गडकरी, सोनोवाल और यादव के अलावा, छह अन्य केंद्रीय मंत्री – किरेन रीजीजू, संजीव बालियान, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, एल मुरुगन और निशीथ प्रमाणिक, दो पूर्व मुख्यमंत्री – बिप्लब कुमार देब (त्रिपुरा) और नबाम तुकी (अरुणाचल प्रदेश) तथा तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन मैदान में हैं. पिछले चुनाव (2019) में संप्रग ने इन 102 सीटों में से 45 और राजग ने 41 सीटें जीती थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu